मूर्ति विसर्जन के बाद नहाते समय नदी में डूबा युवक, तलाश जारी

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला

फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। थाना खखरेरु क्षेत्र के ससुर खदेरी नदी नंबर-2 में शुक्रवार को मूर्ति विसर्जन के बाद नहाते समय एक युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंच गई और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैरी गांव निवासी मनीष कहार पुत्र राधेश्याम कहार, उम्र करीब 30 वर्ष, गांव के लोगों के साथ शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे राधा-कृष्ण की मूर्ति विसर्जित करने के लिए ससुर खदेरी नदी नंबर-2 में गया था। मूर्ति विसर्जन के बाद मनीष नदी में नहाने लगा। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से युवक को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में जुट गई। नदी में युवक की तलाश जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर खखरेरु नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञान चंद्र केसरवानी, क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान, समाजवादी पार्टी के रामतीर्थ परमहंस, कांग्रेस नेता ओमप्रकाश गिहार तथा खागा के उपजिलाधिकारी अश्वनी पांडे भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने युवक की तलाश के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
युवक के नदी में डूबने की खबर से उसके परिजनों और गांव में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण मनीष के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से नदी में उसकी तलाश करा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button