कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को किया गिरफ्तार, अवैध हथियार व चोरी की बाइक बरामद

दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के थाना कश्मीरी गेट पुलिस ने दो शातिर लुटेरों/स्नैचरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई से स्नैचिंग और मोटर वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, 3 मई 2026 को कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता राजेश कुमार, निवासी दिलशाद कॉलोनी, ने बताया कि वह स्कूटी से करोल बाग जा रहे थे और मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान युधिष्ठिर सेतु के पास दो बदमाश मोटरसाइकिल पर पीछे से आए और उनका आईफोन 16 प्रो मैक्स छीनकर निगम बोध घाट की ओर फरार हो गए। इस संबंध में थाना कश्मीरी गेट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए थाना कश्मीरी गेट की टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई उमेश, एएसआई दीपेंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने यमुना नदी के दोनों ओर लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की गई। जांच में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल शकरपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी शास्त्री पार्क क्षेत्र में रह रहे हैं और पुनः वारदात के लिए कश्मीरी गेट व सिविल लाइंस इलाके में आने वाले हैं। इसी सूचना पर 14-15 मई की रात नित्यानंद मार्ग पर जाल बिछाया गया। तड़के करीब 1:30 बजे कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 5 के पास से मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फजल खान उर्फ फैसल और वहीद उर्फ नसीम उर्फ अन्ना, दोनों निवासी शास्त्री पार्क, दिल्ली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जबकि दूसरा कारतूस भी बाद में मिला। बरामद मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने करीब दो सप्ताह पहले युधिष्ठिर सेतु पर हुई स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि लूटा गया मोबाइल जाफराबाद क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया गया। आरोपी वहीद ने खुलासा किया कि उसने करीब एक माह पहले सीमापुरी क्षेत्र से 1500 रुपये में देशी पिस्टल खरीदी थी। दोनों आरोपियों ने एक माह पहले शकरपुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी कर वारदातों को अंजाम देना शुरू किया था और विरोध होने की स्थिति में अवैध हथियार का उपयोग करने की योजना रखते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फजल खान पूर्व में स्नैचिंग, चोरी और वाहन चोरी के 26 मामलों में शामिल रहा है, जबकि वहीद उर्फ नसीम उर्फ अन्ना शास्त्री पार्क थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, स्नैचिंग तथा आर्म्स एक्ट के 36 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत एक और केस दर्ज किया है। लूटे गए मोबाइल की बरामदगी तथा अवैध हथियार सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button