दिल्ली में “कृष्णावतरम” की भव्य स्क्रीनिंग, भक्ति और सिनेमा के संगम ने जीता दिल

एंटरटेनमेंट डेस्क/ नई दिल्ली। नई दिल्ली में फिल्म “कृष्णावतरम भाग 1 – हृदय हृदयम्” का एक भव्य विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें राजनीति, प्रशासन, कला और समाज जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लेकर फिल्म का आनंद लिया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह श्रीकृष्ण भक्ति और भारतीय संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करते ही “राधे-राधे” और “जय श्री कृष्णा” के मधुर भजनों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। पूरे ऑडिटोरियम को कनेर के फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे उपस्थित लोगों को एक दिव्य उत्सव का अनुभव हुआ। फिल्म के भावनात्मक और भक्ति से ओतप्रोत दृश्यों पर दर्शकों ने तालियों और जयघोष के साथ अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
फिल्म में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे देहरादून निवासी सिद्धार्थ गुप्ता ने अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं सत्यभामा के किरदार में संस्कृती जयना ने भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। फिल्म के निर्माता सज्जन राज कुरुप ने कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और मीडिया से बातचीत करते हुए फिल्म के निर्माण के पीछे की भावना साझा की।
सज्जन राज कुरुप ने बताया कि फिल्म को देशभर से भरपूर सराहना मिल रही है और यह सफलतापूर्वक दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म को देखने के बाद इसकी प्रशंसा की और इसे उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री घोषित किया, जो पूरी टीम के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि देश के कई प्रमुख संतों और महामंडलेश्वरों, जिनमें श्री प्रेमानंद महाराज, श्री कैलाशानंद गिरि महाराज, श्री बालकानंद गिरि महाराज और श्री श्री रवि शंकर शामिल हैं, ने फिल्म को अपना आशीर्वाद दिया है। सज्जन राज कुरुप ने बताया कि श्री प्रेमानंद महाराज ने फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद 1100 रुपये भेंट कर पूरी टीम को विशेष आशीर्वाद प्रदान किया, जिसे फिल्म की सफलता का शुभ संकेत माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और श्रद्धा का उत्सव है, जिसे दर्शकों और संत समाज का अपार स्नेह मिल रहा है। साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि फिल्म के अगले भाग की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं और जल्द ही इसकी शूटिंग प्रारंभ की जाएगी।
दिल्ली में आयोजित यह विशेष संध्या भक्ति, संस्कृति और सिनेमा का अनूठा संगम बनकर सामने आई, जिसने हर दर्शक को भावुक और आनंदित कर दिया। “कृष्णावतरम भाग 1 – हृदय हृदयम्” लगातार दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना रही है और बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ इस फिल्म को देखने पहुंच रहे हैं।





