फतेहपुर गैंगरेप केस में फरार भाजपा नेता बबलू ठाकुर पर इनाम की राशि बढ़कर हुई एक लाख

फतेहपुर में मंगेतर के सामने हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अपर पुलिस महानिदेशक ने फरार आरोपी भाजपा नेता की गिरफ्तारी पर इनाम की रकम 50 हजार रुपये से बढ़ा कर एक लाख रुपये कर दी है।
फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र में मंगेतर के सामने हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अपर पुलिस महानिदेशक ज्योति नारायण ने फरार आरोपी भाजपा नेता की गिरफ्तारी पर इनाम की रकम 50 हजार रुपये से बढ़ा कर एक लाख रुपये कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ को भी लगा दिया गया है। पुलिस महानिदेशक रेंज अजय मिश्रा लगातार इस मामले की मॉनीटरिंग कर रहे हैं और मातहतो को फरार आरोपी भाजपा नेता की गिरफ्तारी के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
बता दें कि एक हफ्ते पूर्व मंगेतर के साथ गई युवती के साथ तीन युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया था जिसमें पुलिस ने पहले रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी। बाद में मीडिया में मामला आने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को आरोपी बनाकर रिपोर्ट दर्ज की और दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन मुख्य आरोपी भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष बबलू ठाकुर को जिस पर एसपी ने लापरवाह थानेदार और चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया था और 25000 इनाम से बढ़कर 50000 कर दिया था। जिसको लेकर भाजपा नेताओं ने आक्रोश भी जताया था।
दूसरी और इस मामले को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण फरार आरोपी भाजपा नेता के ऊपर 5 हजार से इनाम बढ़कर एक लाख रुपये कर दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए सात टीमों के साथ ही एसटीएफ को भी लगा दिया है। इसी मामले को लेकर आईजी रेंज अजय मिश्रा ने आरोपी गिरफ्तारी के लिए लगातार मानीटरिंग कर रहे हैं और जांच में लगे पुलिसकर्मियों को जल्द से जल्द गिरफ्तारी को आदेश जारी किया है। गौरतलब है कि इस मामले में थानेदार खागा पूरे मामले को पचाने का प्रयास किया था और यह मुद्दा तूल पकड़ लिया। जहां इस मामले को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार ट्वीट कर रहे हैं वहीं भाजपा नेताओं को पीड़िता के पास जाने तक की इजाजत नहीं दी गई।
मंगेतर के सामने ही युवती से गैंगरेप
दरअसल, थरियांव के एक युवक ने आरोप लगाया था कि बीते शुक्रवार सुबह वह मंगेतर के साथ खागा के कुटीपर नहर पुलिया के पास था। इस दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों को डरा-धमकाकर जंगल की ओर ले गए। युवकों ने दोनों को बंधक बनाकर अश्लील फोटो-वीडियो बनाए, विरोध करने पर मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। युवती को अलग ले जाकर करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर एक आरोपी ने दुष्कर्म किया, जबकि दूसरे ने वीडियो बनाया। इसके बाद युवक के मोबाइल से यूपीआई के जरिए 2500 रुपये ललित नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करा लिए और दोपहर करीब डेढ़ बजे धमकी देकर छोड़ दिया।
घटना के बाद सहमे दोनों ने शुक्रवार रात 1076 पर शिकायत की और अगले दिन थाने पहुंचे, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई न होने पर रविवार को एसपी कैंप कार्यालय में गुहार लगाई। एसपी ने मामले की जांच कराई। जांच में सामने आया कि युवती मंगेतर के साथ एक बाग में कुछ निजी समय व्यतीत कर रही थी। तभी वहां आरोपी ललित आया, जिसने उन्हें देख लिया और उनकी वीडियो बनाने का प्रयास किया। उक्त युवक ने अपने दो अन्य साथियों बबलू और युवराज को भी वहां बुला लिया। इनमें से युवराज युवती के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। पीड़िता ने खागा कोतवाली में तहरीर दी। प्रभारी द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।




