अलीगढ़ में बुजुर्ग दंपति ने बहू के जुल्मों से परेशान होकर राष्ट्रपति से मांगी इच्छामृत्यु
अलीगढ़ जिले एक बुजुर्ग दंपति ने पुत्रवधू की प्रताड़ना, झूठे मुकदमों और सामाजिक बदनामी से परेशान राष्ट्रपति के नाम पत्र लिखकर इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी है।

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग दंपति ने अपनी पुत्रवधू द्वारा कथित प्रताड़ना और झूठे मुकदमों से परेशान होकर राष्ट्रपति के नाम पत्र लिखकर इच्छामृत्यु की मांग की है। दंपति ने प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि राहत न मिलने पर वे जीवन समाप्त करने की अनुमति चाहते हैं।
मामला खैर थाना क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ले का है। यहां के निवासी भगवती प्रसाद अग्रवाल और उनकी पत्नी विमला देवी ने प्रशासन को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्रवधू रेनू अग्रवाल, जो जयगंज की रहने वाली हैं, पिछले पांच वर्षों से उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं। दंपति का कहना है कि उनके खिलाफ 10 से अधिक झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए हैं, जिससे उनका सामाजिक और मानसिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
दंपति के अनुसार उनके बेटे अरविंद अग्रवाल की शादी वर्ष 2000 में रेनू अग्रवाल से हुई थी। शुरुआती एक वर्ष तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद बहू का व्यवहार बदल गया और विवाद शुरू हो गया। उनका आरोप है कि कुछ समय बाद पुत्रवधू मायके चली गई और उनके तथा उनके बेटे के खिलाफ थाने में झूठे मुकदमे दर्ज कराए।
दंपति ने यह भी आरोप लगाया कि एक बार उनकी पुत्रवधू पेट्रोल की बोतल लेकर घर के बाहर पहुंची और आत्महत्या कर उन्हें फंसाने की धमकी दी, साथ ही घर और दुकान अपने नाम कराने का दबाव बनाया। लगातार चल रहे विवाद और कानूनी कार्यवाहियों के कारण वे मानसिक रूप से टूट चुके हैं।
बुजुर्ग दंपति ने कहा कि वे पिछले पांच वर्षों से प्रताड़ना झेल रहे हैं और अब इससे मुक्ति चाहते हैं। उन्होंने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र और ईमेल भेजकर इच्छामृत्यु की अनुमति देने की मांग की है। मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।




