बहराइच के बाद अब कानपुर में बवाल, जुलूस-ए-गौसिया में दो गुट भिड़ गए
After Bahraich, now there is a ruckus in Kanpur, two groups clashed in the procession of Gausiya

कानपुर/उत्तर प्रदेश। बहराइच में बवाल के बाद अभी मामला शांत हुआ है। इस बीच, कानपुर में जुलूस-ए-गौसिया के दौरान जमकर हंगामा हो गया। जुलूस में शामिल एक ही समुदाय के दो गुट आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों गुट एक-दूसरे को लात-घूसे और डंडे से पीटना शुरू कर दिया। जुलूस में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। जुलूस-ए-गौसिया में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रावतपुर थाना क्षेत्र में हर वर्ष की तरह इस साल भी जुलूस-ए-गौसिया का जुलूस निकाला गया था। एसीपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि रावतपुर से शारदा नगर तक पुरानी मस्जिद जुलूस-ए-गौसिया निकल रहा था। जुलूस शारदा नगर पुरानी मस्जिद तक पहुंच गया था। इस दौरान बिरयानी बाटी जा रही थी, बिरयानी बांटने के दौरान के दो गुटों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
जुलूस में मौजूद पुलिस कर्मियों ने दोनों गुटों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद मारपीट का वीडियो सोशल. मीडिया पर वायरल हो गया। कानपुर पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया है। बहराइच में मूर्ति विसर्जन के दौरान भड़की हिंसा को लेकर कानपुर को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अतिसंवेदनशील इलाके से जुलूस निकालने के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। थाना रावतपुर क्षेत्र में गौसिया जुलूस के समाप्ति के दौरान 2-3 मुस्लिम लड़कों की आपस में किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गयी। पुलिस मौके पर ही मौजूद थी थी, युवाओं के बीच हुए झगडे को शांत करा दिया गया। जुलूस समाप्ति के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




