भाई दूज पर बुलेट की सवारी करते दिखे संत प्रेमानंद महाराज, 34 दिन बाद दर्शन पाकर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज ने 34 दिन बाद अपने भक्तों को दर्शन दिए। प्रेमानंद महाराज को देख करके भक्त भाव विह्वल हो उठे।

बुलेट पर सवार संत प्रेमानंद महाराज

मथुरा,उत्तर प्रदेश। वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज बुधवार को भाई दूज के अवसर पर बुलेट बाइक की सवारी करते नजर आए। वह यमुना किनारे स्थित एक शांत और एकांत स्थान पर साधना के लिए पहुंचे थे। उनके शिष्य और पूर्व रेसलर रिंकू सिंह बुलेट चला रहे थे, जबकि अन्य शिष्य भी उनके साथ मौजूद थे। लंबे अंतराल के बाद संत के दर्शन होने पर श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। उन्हें देखते ही भक्तों ने राधे-राधे के जयकारे लगाने शुरू कर दिए।

जानकारी के अनुसार, संत प्रेमानंद महाराज जिस स्थान पर साधना के लिए जाना चाहते थे, वहां तक कार से पहुंचना संभव नहीं था। ऐसे में उन्होंने बुलेट बाइक से जाने का विकल्प चुना। उनके शिष्य रिंकू सिंह ने बाइक की कमान संभाली और महाराज को लेकर यमुना किनारे स्थित एकांत स्थान पर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ अन्य शिष्य भी मौजूद रहे।

करीब 34 दिनों के अंतराल के बाद संत प्रेमानंद महाराज की झलक पाकर श्रद्धालु भावुक हो उठे। उन्हें देखते ही कई भक्त उनके पीछे चलने लगे और हाथ जोड़कर प्रणाम करने लगे। संत ने भी दोनों हाथ उठाकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इस दौरान पूरा वातावरण राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा। साधना पूरी करने के बाद वह वापस अपने आश्रम लौट गए।

बताया जाता है कि संत प्रेमानंद महाराज पिछले कुछ महीनों से एकांतवास में रह रहे हैं। वर्तमान में उनका निवास यमुना पार वेलवन के निकट स्थित यमुना विहार कुंज आश्रम में है। लगभग नौ बीघा क्षेत्र में फैले इस आश्रम का बड़ा हिस्सा हरियाली से घिरा हुआ है और करीब 25 प्रतिशत हिस्से में ही निर्माण कार्य कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, उनकी डायलिसिस की प्रक्रिया भी इसी आश्रम में की जाती है।

इससे पहले आठ अक्टूबर को संत प्रेमानंद महाराज सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए थे। उस दिन वह सुबह करीब पांच बजे केली कुंज आश्रम पहुंचे थे, जहां लगभग दस मिनट रुकने के बाद करीब 150 मीटर दूर स्थित अपने गुरु श्री हित गोविंद शरण महाराज के दर्शन करने गए थे। गुरु के दर्शन के बाद वह पुनः यमुना विहार कुंज आश्रम लौट गए थे।

भाई दूज के अवसर पर उनकी यह झलक श्रद्धालुओं के लिए विशेष रही। लंबे समय से उनके सार्वजनिक दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे भक्तों ने इस मौके को सौभाग्यपूर्ण माना और उनका आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button