राजबहा माइनर की सफाई में लापरवाही का आरोप, टेल तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों की रबी बुआई प्रभावित
खखरेरू क्षेत्र की राजबहा माइनर की सफाई मानकों के अनुसार न होने से टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे सैकड़ों बीघा खेतों की सिंचाई और रबी की बुआई प्रभावित हो रही है। किसानों ने नहर की सफाई, पटरियों की मरम्मत और अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। खखरेरू क्षेत्र के बैरी गांव से होकर गुजरने वाली खखरेरू राजबहा माइनर की सफाई को लेकर किसानों ने सिंचाई विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि माइनर की सफाई निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं कराई जा रही है, जिसके चलते पानी अंतिम छोर यानी टेल तक नहीं पहुंच पा रहा है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों बीघा खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और रबी की फसल की बुआई पर संकट मंडराने लगा है।
किसानों के मुताबिक, यह माइनर रक्षपालपुर से शिवदासपुर तक जाती है। इसकी तीन शाखाएं लोहारपुर, धरवासीपुर और रहमतपुर की ओर निकलती हैं। इन शाखाओं के माध्यम से आसपास के गांवों के किसानों के खेतों की सिंचाई होती है। लेकिन नहर की समुचित सफाई और मरम्मत नहीं होने से पर्याप्त पानी अंतिम छोर तक नहीं पहुंच पाता। किसानों का आरोप है कि सफाई का काम केवल कागजों पर पूरा दिखा दिया जाता है, जबकि मौके पर नहर की तली में सिल्ट और मिट्टी जमी रहती है। किनारों पर झाड़-झंखाड़ और घास भी नहीं हटाई जाती। कई स्थानों पर नहर की पटरी क्षतिग्रस्त होने से पानी बीच रास्ते में ही रिसकर बर्बाद हो जाता है।
किसान विजय साहू, बीरेंद्र सिंह, होरीलाल सिंह, कंचन सिंह, टीकम सिंह और ज्ञानेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि माइनर के ऊपरी हिस्से में कुछ पानी पहुंच जाता है, लेकिन टेल तक आते-आते पानी समाप्त हो जाता है। ऐसे में अंतिम छोर पर स्थित खेतों के किसानों को सिंचाई के लिए निजी डीजल इंजन का सहारा लेना पड़ता है, जिससे खेती की लागत बढ़ जाती है। किसानों का दावा है कि हर साल नहर की सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने की बात कही जाती है, लेकिन जमीन पर सफाई निर्धारित गहराई और चौड़ाई के अनुरूप दिखाई नहीं देती।
वर्तमान में रबी की बुआई का समय चल रहा है। गेहूं, सरसों, मटर और आलू जैसी फसलों के लिए समय पर पानी मिलना जरूरी है। किसानों का कहना है कि माइनर के टेल तक पानी नहीं पहुंचने से बुआई में देरी हो रही है। यदि समय रहते सिंचाई की व्यवस्था नहीं सुधरी तो फसलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है।
किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि राजबहा माइनर की पूरी गहराई और निर्धारित चौड़ाई में मानक के अनुसार सफाई कराई जाए। साथ ही सफाई कार्य की मौके पर जांच कराई जाए, क्षतिग्रस्त पटरियों की मरम्मत हो और अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। किसानों ने सफाई कार्य में कथित अनियमितताओं की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।




