कौशाम्बी में डीएम ने कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा, भूमि विवादों के निस्तारण के दिए निर्देश

डीएम डॉ. अमित पाल ने भू-माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने पर दिया जोर

कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कौशाम्बी के जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने सोमवार को उदयन सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में वाणिज्यकर, परिवहन, स्टॉम्प एवं रजिस्ट्रेशन, खनन, विद्युत, वन विभाग, मंडी, आबकारी एवं नगर निकाय की राजस्व वसूली की स्थिति पर चर्चा की गई। डीएम ने अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने और प्रवर्तन कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
तहसीलवार बड़े बकायेदारों से आर.सी. वसूली की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और सभी तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। राजस्व वादों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए उन्होंने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को प्रगति लाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
डीएम ने सभी एसडीएम को 10-10 गांवों की भूमि विवादों की सूची तैयार कर मौके पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम भेजने और स्वयं भी भ्रमण कर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत छूटे हुए किसानों का पंजीकरण कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में एडीएम (वि./रा.) शालिनी प्रभाकर, एडीएम (न्यायिक) ओम प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button