पान थूकने के लिए अचानक खोल दिया चलती वैन का दरवाजा, टकराकर स्‍कूटी सवार की दर्दनाक मौत

आरोपी वैन ड्राइवर शौनक शुक्‍ला को लोहिया अस्‍पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्‍टरों ने मृत लाया घोषित कर दिया। इसके बाद ड्राइवर भाग निकला।

लखनऊ/उत्तर प्रदेश। यूपी की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में दर्दनाक हादसा हो गया। रविवार दोपहर पान थूकने के लिए ड्राइवर ने चलती वैन का दरवाजा सड़क पर खोल दिया। पीछे तेज रफ्तार से स्‍कूटी से आ रहे 50 वर्षीय शौनक शुक्‍ला दरवाजे से टकरा गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर उनको लोहिया अस्‍पताल लेकर पहुंचा और वैन छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शौनक शुक्‍ला इंदिरा नगर के रहने वाले थे। वह स्‍टेशनरी की दुकान चलाते थे। वह स्‍कूटी से जा रहे थे। यादव ढाबा के पास वैन से उनकी टक्‍कर हो गई। स्‍कूटी सड़क पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्‍पताल में डॉक्‍टरों ने उनको मृत लाया घोषित कर दिया।
अस्‍पताल कर्मियों ने शौनक के पास मिले मोबाइल फोन से उनके घरवालों की सूचना दी। खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्‍नी राधा शुक्‍ला और दोनों बच्‍चों के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी की मदद से आरोपी वैन ड्राइवर की तलाश कर रही है। इस हादसे के बाद शौनक शुक्‍ला के मोहल्‍ले में मातम छा गया है। वह अपने परिवार में इकलौते कमाने वाले थे।
शौनक शुक्‍ला के भाई इंद्र देव शुक्‍ला ने आरोपी वैन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्‍होंने एफआईआर दर्ज कराई है। चिनहट थाने के इंस्‍पेक्‍टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि वैन नंबर के आधार पर ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button