उज्जैन में निर्माणाधीन नाले में गिरी महिला, शरीर के आर-पार हुआ सरिया, डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर बचाई जान

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान निर्माणाधीन नाले में गिरने से एक महिला के शरीर में सरिया आर-पार हो गया। स्थानीय लोगों ने सरिया काटकर महिला को बाहर निकाला और महापौर मुकेश टटवाल उसे अस्पताल ले गए, जहां जटिल सर्जरी के बाद उसकी जान बचाई गई।

उज्जैन/मध्य प्रदेश। उज्जैन नगर में सड़क चौड़ीकरण व नाला निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा सोमवार को एक महिला को भुगतना पड़ा। घरेलू कामकाज के लिए देसाई नगर एक घर में जा रही महिला निर्माणाधीन नाले में गिर गई, जिससे सरिया उसके शरीर के आर-पार हो गया। दर्द से तड़प रही महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने सरिया काटकर उसे नाले से बाहर निकाला। इस दौरान वहां से निकल रहे महापौर मुकेश टटवाल महिला को लेकर अस्पताल लेकर पहुंचे। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
58 वर्षीय प्रेमलता हारिया निवासी गोपालपुरा मक्सी रोड तीन-चार घरों में चौका-बर्तन करने के लिए जाती है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे महिला देसाई नगर निवासी हिमांशु शुक्ला के घर पर काम करने के लिए जा रही थी। उस कॉलोनी में सड़क चौड़ीकरण व नाला निर्माण कार्य चल रहा है। इससे शुक्ला के घर के बाहर खोदाई कर नाला निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके लिए लोहे के सरियों का जाल भी बनाया गया है।
महिला नाले पर रखे पटिए पर चढ़कर शुक्ला के घर की टूटी सीढ़ियों पर चढ़ने का प्रयास कर रही थी। तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे सरिए पर गिर गई थी। सरिया उसके शरीर के आरपार हो गया था। दर्द से तड़प रही महिला का शोर सुनकर लोग एकत्र हुए और मशीन से सरिया काटकर महिला को नाले से बाहर निकाला।
इस दौरान एक कार्यक्रम में शामिल होकर वहां से लौट रहे महापौर मुकेश टटवाल ने भीड़ देखकर वाहन रुकवाया तो महिला नाले में गिरी हुई थी। महापौर उसे अपने वाहन में निजी अस्पताल लेकर गए थे। निजी अस्पताल में करीब दो घंटे तक डॉक्टर व टीम ने महिला का ऑपरेशन कर सरिया बाहर निकाला है। सरिए के कारण महिला के पेट, आंत व दिल के समीप तक नुकसान पहुंचा है। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।
महिला के साथ हुए हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें शुक्ला के घर में प्रवेश करने के लिए नाले पर रखा पटिया पार कर सीढ़ियां चढ़ने का प्रयास कर रही थी। उसी दौरान उसका हाथ छूट गया और वह गिर गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button