नंद नगरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्कर गिरफ्तार, 5 किलो से अधिक गांजा बरामद

उत्तर पूर्वी दिल्ली। नंद नगरी थाना पुलिस ने गांजा तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 20 अप्रैल 2025 की शाम को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सी-1 ब्लॉक क्षेत्र से आरोपी को दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से पांच पैकेटों में कुल 5.048 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव (29 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र कोहली, निवासी सी-1 ब्लॉक, नंद नगरी, दिल्ली के रूप में हुई है। इस मामले में एफआईआर संख्या 217/26 दर्ज की गई है और एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है और मामले की जांच जारी है। यह कार्रवाई नंद नगरी क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सख्त रणनीति को दर्शाती है।




