मुर्शिदाबाद में कांग्रेस नेता के घर की छत पर बम विस्फोट, आरोपी गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद के मानिकतल्ला में कांग्रेस नेता साइमुल हक के घर की छत पर बम विस्फोट हुआ, जिसके बाद उन्हें झारखंड से गिरफ्तार कर लिया गया है।

कोलकाता/एजेंसी। मुर्शिदाबाद जिले के फक्का थाना अंतर्गत मानिकतल्ला इलाके में कांग्रेस के एक नेता के घर की छत पर हुए बम विस्फोट को लेकर सियासत गर्म है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर के मालिक और स्थानीय कांग्रेस नेता साइमुल हक को झारखंड के पाकुड़ से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित नेता को मंगलवार को जंगीपुर उपमंडल अदालत में पेश किया गया।
घटना सोमवार सुबह की है जब साइमुल हक के घर की छत पर निर्माण कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजमिस्त्री दीवार बनाने का काम कर रहे थे, तभी छत के एक कोने में रखे दो बम अचानक फट गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि छत की मुंडेर का एक हिस्सा ढह गया और पूरा इलाका दहल उठा। सूचना मिलते ही फक्का पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक साइमुल और उनका परिवार घर छोड़कर फरार हो चुका था।
साइमुल हक पिछले पंचायत चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। इस घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस पर हिंसा की साजिश रचने और घर में बम जमा करने का आरोप लगाया है। वहीं, कांग्रेस नेतृत्व ने इसे एक सुनियोजित साजिश करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि चुनाव के मुहाने पर नेता के घर में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहां से और किस उद्देश्य से लाए गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button