अंबेडकर जयंती पर सीएम रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग में ‘वॉटर एटीएम’ का किया उद्घाटन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंबेडकर जयंती पर शालीमार बाग सहित विभिन्न सेवा बस्तियों में अत्याधुनिक वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया। यह पहल हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के संविधान संकल्प को साकार करती है। इन एटीएम से प्रतिदिन 20 लीटर मुफ्त शुद्ध पानी मिलेगा, जिससे हजारों परिवारों को लाभ होगा। 5-स्टेज आरओ तकनीक और 24×7 मॉनिटरिंग गुणवत्ता सुनिश्चित करेगी।
नई दिल्ली/एजेंसी। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को स्वच्छ जल का उपहार दिया है। मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जीपी ब्लॉक और बेरीवाला बाग ब्लॉक सहित विभिन्न सेवा बस्तियों में अत्याधुनिक वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बाबासाहेब को नमन करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित संविधान हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन और मूलभूत सुविधाओं का अधिकार देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि जनता का अधिकार है और यह पहल इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर गरीब और वंचित परिवार तक स्वच्छ जल सम्मानपूर्वक पहुंचे। तकनीक और गवर्नेंस का यह मेल लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाएगा। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वार्ड संख्या 55, 56 और 57 के सात अलग-अलग स्थानों पर ये वॉटर एटीएम स्थापित किए गए हैं। विशेष रूप से पीतमपुरा और शालीमार बाग की सेवा बस्तियों में रहने वाले परिवारों को अब पीने के साफ पानी के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ेगा।
इन वॉटर एटीएम को नवीनतम तकनीक से लैस किया गया है ताकि गुणवत्ता और उपलब्धता बनी रहे। प्रत्येक एटीएम प्रति घंटे 2000 लीटर शुद्ध पानी उपलब्ध कराने में सक्षम है। 5-स्टेज आरओ तकनीक के जरिए 3000 TDS तक के खारे पानी को भी पीने योग्य बनाया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को एक ‘वॉटर एटीएम कार्ड’ जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे प्रतिदिन 20 लीटर मुफ्त पेयजल प्राप्त कर सकेंगे। पानी की गुणवत्ता और मशीनों के सुचारू संचालन के लिए 24×7 क्लाउड मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।




