कन्नौज रेप केस की सह आरोपी गैंगस्टर पूजा तोमर गिरफ्तार कर भेजी गई जेल, कोर्ट में साध्वी वेश में आई नजर

कन्नौज/उत्तर प्रदेश। चर्चित नाबालिग रेप कांड मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। गैंगस्टर पूजा तोमर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह कन्नौज रेप कांड के मुख्य आरोपी सपा नेता नवाब सिंह यादव के साथ सह आरोपी थी। मामले में उसकी लगातार तलाश चल रही थी। उसके खिलाफ कोर्ट की ओर से गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। मामले में सह आरोपी पूजा तोमर को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। दरअसल, कन्नौज में 2024 में आई छात्रा के साथ रेप कांड केस में सपा नेता नवाब सिंह यादव की गिरफ्तारी हुई थी। इसके बाद से ही पूजा तोमर की तलाश चल रही थी। मामले में सामने आया है कि जब पूजा तोमर को कोर्ट में पेश किया गया, उस समय वह साध्वी वेश में थी।
कन्नौज के चर्चित रेप कांड की आरोपी गैंगस्टर पूजा तोमर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं। इसमें वह साध्वी के वेश में दिख रही है। इस मामले में दावा किया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने साध्वी का वेश धरा था। लंबे समय से फरार पूजा तोमर को 27 मार्च को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 27 मार्च को ही रेप कांड की सह आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था। हालांकि, इसके करीब एक एक सप्ताह बाद 3 अप्रैल को सोशल मीडिया पर पूजा तोमर की तस्वीरें सामने आई तो इस पर चर्चा गरमानी शुरू हो गई। पुलिस ने इस मामले किसी को कोई खबर तक नहीं लगने दी।
पूजा तोमर को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान भगवा कपड़े पहने देखा गया। पूजा तोमर की ओर से कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई। 2 अप्रैल को हुई सुनवाई के दौरान जमानत याचिका पर निर्णय नहीं हुआ। अगली सुनवाई की तारीख 6 अप्रैल निर्धारित की गई है। इस बीच पूजा तोमर के वकील अभिषेक द्विवेदी का बयान सामने आया है। इसमें उसने पूजा के दीक्षा लिए जाने की बात कही है। वकील ने कहा कि जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद पूजा तोमर ने दीक्षा ले ली। उसका पिंडदान हो चुका है। वह साध्वी बन चुकी है। कन्नौज रेप कांड सामने आने के बाद 21 अगस्त 2024 को पहली बार पूजा तोमर को गिरफ्तार किया गया था। नवंबर 2024 में उसे जमानत मिली। जमानत की शर्तों के तहत, पूजा तोमर को सुनवाई के दौरान कोर्ट में पेश होना था। वह फरार हो गई। करीब 10 सुनवाई की तारीखों पर हाजिर नहीं होने के बाद उसके खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी।
कन्नौज के चौधरी चंदन सिंह डिग्री कॉलेज में एक नाबालिग छात्रा के साथ 11-12 अगस्त 2024 की रात दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। कॉलेज पूर्व ब्लॉक प्रमुख और सपा नेता नवाब सिंह यादव का है। 15 वर्षीय किशोरी नौकरी मांगने वहां गई थी। उसके साथ पूजा तोमर भी मौजूद थी। पूजा के टॉयलेट जाने के दौरान नवाब सिंह यादव ने किशोरी के साथ दरिंदगी की। किशोरी ने डायल-112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवाब सिंह यादव को गिरफ्तार किया। पूजा तोमर ने घटना के करीब 5 दिन बाद 16 अगस्त 2024 को मीडिया के सामने आकर नवाब सिंह यादव को साजिश के तहत फंसाने की बात कही। इसके बाद फरार हो गई। हालांकि, 21 अगस्त 2024 को उसे गिरफ्तार किया गया। घटना में पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद केस पुख्ता हुआ। अब पूजा तोमर दोबारा गिरफ्तार हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button