फतेहपुर में शादी के लुभावने ऑफर देकर लाखों की ठगी करने वाले गैंग का भड़ाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। नगर के देवीगंज मोहल्ले में वैवाहिक साइट के नाम पर शादी के लुभावने ऑफर देकर हर माह लाखों की ठगी में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अंतरराज्यीय साइबर ठगों ने पूछताछ में बताया कि वह वेबसाइट में शादी पार्टनर, रिश्ता, ड्रीम पार्टनर, वर-वधू, परफेक्ट रिश्ते, विवाह गाइड, शुभमंगल जोड़ी, यूनिक रिश्ता डाट काम से बात करने की बात कहकर ग्राहकों से फंसाया जाता था।
फर्जी प्रोफाइल बनाकर पैकेज के नाम से 2,999 से 19 हजार 999 रुपये तक की मोबाइल में बात करने को पांच श्रेणियों के आफर देते थे। युवक-युवतियों की फोटो पसंद आने पर उन्हें एक मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते थे। आरोपितों पर ऑनलाइन विश्वासघात करने पर धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने इस ठगी का भंडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपये से पुरस्कृत किया है। प्रतिबिंब पोर्टल से साइबर क्राइम के मिले इनपुट पर सीओ क्राइम प्रगति यादव के नेतृत्व में मंगलवार देर शाम साइबर क्राइम निरीक्षक की टीम ने देवीगंज स्थित उक्त मैरिज ब्यूरो कार्यालय में छापा मारा।
टीम ने छत्तीसगढ़ राज्य के जिला बलोदा बाजार के थाना करही बाजार के पसीद गांव निवासी धर्मेंद्र यदु, हाल पता टीचर्स कॉलोनी हरिहरगंज कोतवाली, एमपी के राजगढ़ जिले के थाना कारोवल के नहेड़ी निवासी अनिल कुमार हाल पता उपरोक्त, छत्तीसगढ़ के जिला शक्ति के थाना माल खरौंदा के ग्राम डोंगरी डीह निवासी दिनेश कुमार बंजारे, हालपता कानपुर के सीसामऊ थाने के आरकेनगर के साथ नीलम निवासी हरियापुर ललौली, श्रेया मिश्रा निवासी कांधी, मलवां व तनु शर्मा निवासी बहुआ को गिरफ्तार किया।
कार्यालय से 72 हजार 930 रुपये नकदर, 137 एयरटेल कंपनी के सिम कार्ड, 7 वीआई कंपनी के सिमकार्ड, एक हार्ड डिस्क, एक जियो फाइबर राउटर, तीन एंड्रायड मोबाइल, 25 कीपैड मोबाइल, दो सीसीटीवी कैमरा डीवीआर, सात एचडीएमआई केबल, एक बायोमैट्रिक केल, एक बायोमैट्रिक डिवाइस सीपीयू बरामद किया।
हत्थे चढ़े साइबर ठग शादी के इच्छुक व्यक्तियों को व्हाट्सएप के जरिये आकर्षक युवक-युवतियों की फोटो भेजते थे। फोटो पसंद आने पर उन्हें एक मोबाइल नंबर देते थे जिस पर इच्छुक व्यक्ति बात करते थे। खास बात ये थे कि युवक व युवतियां यही साइबर ठग थे और फोटो फेंक वाली थी। पैसा ठगने पर उक्त व्यक्ति से संपर्क बंद कर देते थे। ये कॉल सेंटर किराये के मकान में बीते 18 महीनों से संचालित किया जा रहा था। जिस पर पुलिस मकान मालिक को भी नोटिस देकर कार्यालय बंद कर दिया गया है।
आगरा के सरगना अमित व कानपुर की नीलम की खोज
अंतरराज्यीय साइबर ठगों में सरगना अमित कुमार कानपुर में एयरटेल कपंनी में कार्यरत कर्मी नंदिनी के जरिए सिम मुहैया कराता था। पुलिस को इन दोनों की तलाश है। पकड़े गए ठग सरगना को प्रतिमाह 50 हजार रुपये देते थे। कानपुर का दिनेश बंजारा भी कानपुर के सीसामऊ थाने के हीरागंज मोहल्ले में शुभमंगल जोड़ी के नाम से फर्म संचालित करता है। अन्य सहियोगियों में महिलाएं नीलम व श्रेया मिश्रा टीम लीडर की भूमिका में कार्य करती हैं। वेबसाइट में यूनिक रिश्ता, शादी पार्टनर, विवाह गाइड जैसे फर्म संचालित कर उक्त अंतरराज्यीय साइबर ठग प्रतिमाह पांच से छह लाख की ठगी करते हैं। इनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ के कबीरधाम, शक्ति, हिमांचल प्रदेश के चम्बा, मंडी, यूपी के जालौन, महाराष्ट्र के पुणे, यूपी के बहराइच, हरियाणा के अम्बाला, महाराष्ट्र के नागपुर, रैगाड़, गोंडिया, मीरा भयन्दर वासी, दिल्ली के द्वारका, आउटर दिल्ली, बिहार के बग्धा, गुजरात के सूरज, यूपी के कांशीरामनगर के 17 लोगों ने ठगी की शिकायतें दर्ज कराई हैं।




