एनडीए में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव के गढ़ आजमगढ़ में सबसे बड़ी रैली करेंगे राजभर

आजमगढ़,(उत्तर प्रदेश)। बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए का हाथ थामने के बाद ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी के साथ जाने के बाद राजभर अपनी पहली रैली जहां करने जा रहे हैं, वह सपा मुखिया को एक बार फिर से सीधी चुनौती मानी जा रही है। दरअसल, राजभर की पार्टी सुभासपा का स्थापना दिवस 27 अक्टूबर को मनाया जाना है। इस दिन ओम प्रकाश राजभर ने एक बड़ी रैली का आयोजन किया। आयोजन के लिए जो जगह चुनी है, उसे समाजवादियों का गढ़ कहा जाता है। यहां से मुलायम सिंह यादव और उसके बाद अखिलेश यादव भी सांसद रहे हैं। हालांकि हालिया लोकसभा उपचुनाव में सपा को यहां से हार मिली है फिर भी यह जगह समाजवादियों के लिए काफी अहम मानी जाती है। जगह का नाम है आजमगढ़।
जानकारी के मुताबिक, ओम प्रकाश राजभर की इस रैली में एनडीए के नेताओं का जमावड़ा होगा। बीजेपी के लोग तो इस रैली में शामिल होंगे ही, साथ ही अन्य वे सभी दल भी इस रैली का हिस्सा होंगे जो अभी एनडीए में हैं। इतना ही नहीं, अखिलेश यादव के गढ़ में प्रस्तावित इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता दिया गया है। हाल ही में दिल्ली गए राजभर ने पीएम मोदी से रैली में शामिल होने की अपील की है।
रैली आजमगढ़ के लालगंज संसदीय सीट पर तय मानी जा रही है। हालांकि, अभी कार्यक्रम तय नहीं हुआ है लेकिन सुभासना के लीडरान का मन यहीं पर रैली करने का है। दरअसल बीते चुनाव में यहां सुभासपा तीसरे नंबर पर रही थी। तब सपा और बसपा साथ मिलकर चुनाव लड़ रही थीं। बीएसपी की संगीता सोनकर ने बीजेपी के उम्मीदवार को भारी मतों से हराया था। सुभासपा इस सीट पर अपनी दावेदारी करना चाहती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button