ईरान की मदद के लिए दिल खोलकर दान कर रहे कश्मीरी

विधवा ने 28 साल पहले गुजर चुके पति की आखिरी निशानी भी दे दी

श्रीनगर/एजेंसी। ईरान में चल रहे युद्ध में फंसे लोगों की मदद के लिए कश्मीरियों ने बड़ा दिल दिखाया है। ईरान की मदद के लिए कश्मीरी अपना नकद, सोना और घरेलू सामान तक दान कर रहे हैं। इसका वीडियो खुद भारत में ईरानी दूतावास ने अपने एक्स अकाउंट पर शुरू किया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कश्मीरी अपने घर का सामान, कैश और अपनी ज्वेलरी तक दान कर रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुई ईरानी दूतावास ने लिखा है कि कश्मीर की एक सम्मानित बहन ने 28 साल पहले गुजर चुके अपने पति की निशानी के तौर पर संभालकर रखा हुआ सोना ईरान के लोगों के लिए प्यार और एकजुटता से भरे दिल के साथ दान कर दिया। आपके आंसू और आपकी पवित्र भावनाएं ईरान के लोगों के लिए सांत्वना का सबसे बड़ा स्रोत हैं। इन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। धन्यवाद #कश्मीर। धन्यवाद #भारत।
ईरान की मदद का यह अभियान घाटी के कई इलाकों में शुरू है। खासकर बडगाम और शिया-बहुल क्षेत्रों में तेजी से फैल रहा है। मस्जिदों के बाहर विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। यहां लोग गहनों, नकद, तांबे के बर्तनों और यहां तक कि मवेशियों का भी दान कर रहे हैं। स्थानीय निवासी मोहसिन अली के अनुसार, हमने मस्जिद इमाम जमान में यह स्टॉल नेक मकसद से लगाया है ताकि मुश्किल समय में ईरान के लोगों की मदद की जा सके। इस मानवीय प्रयास में हर वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं।
महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपने गहने और कीमती सामान दान किए हैं जबकि बच्चों ने अपनी बचत और जेब खर्च तक दे दिया। युवाओं के स्वयंसेवक घर-घर जाकर लोगों को इस मुहिम से जोड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह केवल मदद नहीं, बल्कि साझा सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान की अभिव्यक्ति भी है। बताया जा रहा है कि यह दान तब शुरू हुआ जब 14 मार्च को दूतावास ने भारतीयों से मदद की अपील की थी। हालांकि बैंकिंग दिक्कतों के कारण अब लोगों से सीधे नई दिल्ली स्थित दूतावास में जाकर सहायता देने का अनुरोध किया गया है।

ईरान के लिए कश्मीर का प्यार:दिल खोलकर दान में दिए नकदी व गहने, तस्वीरों में  देखें इनकी उदारता - People Donated Cash And Jewelry To Help Iran. - Amar  Ujala Hindi News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button