देशभर में आतंकी हमलों की साजिश नाकाम, गाजियाबाद से आईएसआई को भेजी जा रही थी सूचना

गाजियाबाद। कौशांबी थाना पुलिस ने देश भर में आतंकी हमलों की साजिश को नाकाम किया है। पुलिस ने देश भर में रेलवे स्टेशन और आर्मी के ठिकानों की लोकेशन, वीडियो, फोटो पाकिस्तान भेजने वाले छह आरोपितों काे गिरफ्तार किया है। आरोपितों के मोबाइल फोन से एक आईएसआई एजेंट का नंबर मिला है जिसे ये लोग भारतीय ठिकानों की जानकारी भेज रहे थे। इस नंबर से आरोपितों की चैट भी पुलिस को मिली है। इसके बाद खुफिया व सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। देश के बड़े शहरों में रेलवे स्टेशन और आर्मी के ठिकानों की लिस्ट आरोपितों ने बना रखी है। सभी के खिलाफ पुलिस ने बीएनएस की धारा 152 और ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट की धारा 3/5 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
एडिशनल सीपी राजकरन नैय्यर ने बताया कि मुखबिर से कौशांबी थाना क्षेत्र में भोवापुर में कुछ लोगों द्वारा संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इस पर टीम ने टी-प्वाइंट से पहले मदर डेयरी के पास घेराबंदी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें मूलरूप से बिजनौर के नरगढ़ी नवादा का रहने वाला सुहेल उर्फ रोमियो मुख्य आरोपित है। वह वर्तमान में मेरठ के परतापुर में सुभारती यूनिवर्सिटी के पीछे दोस्त के मकान में रह रहा था। उससे पूछताछ में संभल के ज्ञानपुर सिसौना निवासी साने इरम उर्फ महक के बारे में पता चला, जो पाकिस्तान में सीधे किसी व्यक्ति के संपर्क में थी। आरोपितों के मोबाइल से इनके आईएसआई एजेंट से संपर्क होने का पता चला है। पूछताछ में किसी बड़ी आतंकी साजिश के रचने के बारे में पता चला है, जिसकी योजना पाकिस्तान में तैयार की जा रही थी।
सुहेल ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि वह रेलवे स्टेशन और आर्मी के ठिकानों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेज रहा था। इसमें अन्य युवाओं को भी रुपयों का लालच देकर वीडियो, फोटो और लाेकेशन मंगाई जा रही थी। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद से सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
दिल्ली के कैंट रेलवे स्टेशन पर लगाया था सोलर बेस्ड कैमरा
आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पता चला कि सुहेल ने दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन में सोलर बेस्ड सीसीटीवी कैमरा भी लगाया था, इसका एक्सेस सीधे पाकिस्तान के आईएसआई के एजेंट के वाट्सएप नंबर पर दिया गया था। इसके अलावा मुंबई, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, कर्नाटक के बड़े रेलवे स्टेशन और आर्मी क्षेत्रों की लोकेशन भी भेजी गई थी।
आठ मोबाइल बरामद, सभी में वीडियो और फोटो
आरोपितों से पुलिस ने आठ मोबाइल बरामद किए हैं। इन सभी में वीडियो और फोटो मिले हैं। बताया जा रहा है कि अन्य आरोपित वीडियो और फोटो सुहेल को भेजते थे। इसके बाद सुहेल पाकिस्तान में इन्हें भेजता था। गिरफ्तार आरोपितों ने सुहेल और इरम के अलावा प्रवीन निवासी कौशांबी थानाक्षेत्र के भोवापुर, राज वाल्मिकी निवासी औरैया जिला के गांव बनारसीदास, शिवा वाल्मिकी निवासी बदायूं जिले के उझानी स्थित रिसोली गांव और रितिक गंगवार निवासी शाहजहांपुर के कटरा थानाक्षेत्र स्थित सुल्तानपुर निवासी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button