पीएम मोदी देंगे मौजपुर-मजलिस पार्क मेट्रो कॉरिडोर की सौगात
उत्तर-पूर्वी दिल्ली को देंगे मेट्रो और डबल डेकर फ्लाईओवर की दोहरी सौगात, जाम से मिलेगी मुक्ति

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्लीवासियों को रविवार के दिन प्रधानमंत्री मेट्रो की सौगात देंगे। इससे यहां के लाखों लोगों का दिल्ली का सफर आसान होने जा रहा है। मौजपुर से मजलिस पार्क मेट्रो काॅरिडोर के शुरू होने के बाद उत्तर पूर्वी दिल्ली भी रिंग मेट्रो काॅरिडोर का हिस्सा बन जाएगी।
वहीं, एक माह में भजनपुरा पर बन रहे डबल डेकर फ्लाईओवर के भी शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद उत्तर पूर्वी दिल्ली के सबसे बड़े जाम प्वाइंट पर भी वाहनचालकों को राहत मिल जाएगी। मेट्रो सेवा शुरू होने से मौजपुर, यमुना विहार, भजनपुरा, खजूरी खास, करावल नगर, गंगा विहार, ब्रह्मपुरी समेत दो दर्जन से अधिक इलाकों के लोगों का सफर आसान हो जाएगा।
अभी इन क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली के अन्य हिस्सों में जाने के लिए मेट्रो के रेड लाइन के स्टेशनों तक आटो या रिक्शा से जाना पड़ता है। इस दौरान ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। मौजूपुर-मजलिस पार्क काॅरिडोर के चालू होने के बाद लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन का विकल्प मिलेगा।
भजनपुरा चौराहा लंबे समय से उत्तर-पूर्वी दिल्ली का सबसे बड़ा जाम प्वाइंट बना हुआ है। यहां से गुजरने वाले हजारों वाहन रोजाना जाम में फंस जाते हैं। मेट्रो लाइन के नीचे बन रहा डबल डेकर फ्लाईओवर इस समस्या को काफी हद तक कम करेगा। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद वाहन बिना रुके सीधे आगे बढ़ सकेंगे, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों का समय भी बचेगा।
भजनपुरा चौराहे पर बन रहा डबल डेकर फ्लाईओवर अपने आप में दिल्ली की पहली ऐसी परियोजना है। इसके ऊपरी स्तर पर मेट्रो ट्रैक बनाया गया है, जबकि उसके नीचे सड़क यातायात के लिए फ्लाईओवर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य मेट्रो और वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाना है।




