कौशांबी में लापता बीएलओ का यमुना नदी में मिला शव, 25 फरवरी से थे गायब
बीच धारा में पत्थर में फंसी थी लाश

सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जिले में चार दिनों से लापता एक बीएलओ का शव सोमवार को यमुना नदी में मिला। शव नदी की बीच धारा में पत्थर में फंसा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेजा। परिवार वालों का कहना है कि इन दिनों वह अवसाद में थे। पुलिस मौत के कारणों का पता लगा रही है।
सराय अकिल के धरमपुर कनैनी निवासी थे बीएलओ
सराय अकिल क्षेत्र के धरमपुर कनैली निवासी कृष्ण बाबू वर्मा पुत्र राजाराम प्राथमिक विद्यालय कनैली में सहायक अध्यापक थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी एसआइआर के कार्य में बीएलओ के रूप में लगी थी। उनका शव सोमवार सुबह यमुना नदी में मिला। शव यमुना की बीच धारा में पत्थर (दरांती) में फंसा था। कृष्ण बाबू वर्मा की बेटी मेधना के मुताबिक खुद की बीमारी व बहन की शादी की तैयारी के लिए पिता को अवकाश नहीं मिल पा रहा था। इससे वह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन (अवसाद) में थे। 25 फरवरी को घर से वह कनैली मतदाता पुनरीक्षण का कार्य करने की बात कहकर निकले लेकिन वापस नहीं लौटे।
काफी खोजबीन के बाद भी कृष्ण बाबू का पता नहीं चलने पर बेटी ने सराय अकिल थाने में तहरीर दी। 26 फरवरी को पुलिस ने घटना को गुमशुदगी में दर्ज कर खोजबीन शुरू की, इस दौरान क्षेत्र के ही यमुना नदी के महिला घाट पर सोमवार की सुबह कृष्ण बाबू का शव मिला।
सर्विलांस, एसओजी सहित चार टीमें तलाश रही थीं
एसपी राजेश कुमार ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए सीओ चायल की अगुवाई में सर्विलांस, एसओजी सहित चार टीमों का गठन कर बीएलओ कृष्ण बाबू की तलाश के लिए लगाया। सोमवार सुबह महिला घाट में मछुआरे नाव लेकर गए थे। तभी उनकी नजर बीच धारा में दरांती में फंसे अधेड़ के अर्द्धनग्न शव पर पड़ी।उनके शरीर पर सिर्फ अंडरवीयर व बनियान था। नाविकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया तो शिनाख्त कृष्ण बाबू वर्मा के रूप में हुई। घटना की जानकारी के बाद स्वजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
लोगों में चर्चा है कि घटना फिलहाल आत्महत्या जैसी प्रतीत हो रही है। पुलिस घटना को लेकर कुछ बोल नहीं रही है। मौत का कारण तलाश रही है। घटना से स्वजन गमगीन हैं। बताया जाता है कि घर के कृष्ण बाबू वर्मा ही कमाने वाले थे। उनकी मझली बेटी की शादी तय है। 27 अप्रैल कोबरात आनी है




