फरीदाबाद के शर्माजी ने गलती से कबाड़ में बेचा 100 ग्राम सोना, कबाड़ी व्यापारी हाजी अख्तर खान ने गहने लौटाकर जीता दिल

फरीदाबाद/हरियाणा। दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले में हैरान करने वाला मामल सामने आया है। जिले के एक कबाड़ी व्यापारी ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। कबाड़ी व्यापारी ने गलती से कबाड़ में बेचा गया 15 लाख रुपये का सोना चार महीने बाद उसके असली मालिक को लौटा दिया। इस घटना का पता चलने पर लोग व्यापारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 100 ग्राम सोने की ज्वेलरी वाला पैकेट अशोक शर्मा का था। उसने दिवाली की सफाई के दौरान गलती से इसे बेच दिया था। सोना एसीपी बल्लभगढ़ जितेश मल्होत्रा के ऑफिस में ऑफिशियली सौंप दिया गया। शर्मा ने कहा कि उनके परिवार ने पिछले साल जनवरी में कुंभ मेले के लिए जाने से पहले अपने सोने के गहने एक डिब्बे में रखे थे। इसे चोरी से बचाने के लिए घर पर एक बोरे में रख दिया था।
हालांकि, दिवाली की सफाई के दौरान बोरे को गलती से कबाड़ समझकर एक कबाड़ व्यापारी को बेच दिया गया। शर्मा ने कहा कि हमने कुंभ मेले के लिए जाने से पहले सोना सुरक्षित रखा था। दिवाली की सफाई के दौरान यह गलती से कबाड़ के साथ बिक गया। हमें बाद में अपनी गलती का एहसास हुआ और हम बहुत परेशान हुए। जब परिवार स्क्रैप डीलर के पास गया, तो उन्हें तुरंत ज्वेलरी नहीं मिली और वे निराश होकर घर लौट आए।
लगभग चार महीने बाद स्क्रैप डीलर को स्क्रैप छांटते समय कागज में लिपटा हुआ सोना मिला। स्क्रैब डीलर हाजी अख्तर खान बिना देर किए पुलिस के पास गए और ज्वेलरी को एसीपी मल्होत्रा के ऑफिस ले आया। जहां उसे शर्मा को लौटा दिया गया। खान ने कहा कि सोना मिलने के बाद मुझे लगा कि इसे उसके असली मालिक को लौटाना मेरी जिम्मेदारी है। मेरे पूरे परिवार ने इस फैसले का सपोर्ट किया।
एसीपी मल्होत्रा ने खान के ईमानदार काम की तारीफ की और जोर दिया कि ईमानदारी अभी भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि ईमानदारी अभी भी ज़िंदा है। साथ ही, लोगों को अपने कीमती सामान का ध्यान रखना चाहिए।




