मथुरा में नकली कोल्ड ड्रिंक की 175 पेटी जब्त, तीन फर्मों पर छापा… कंपनी की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई

मथुरा/उत्तर प्रदेश। मथुरा शहर में नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे सघन अभियान ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पेप्सिको इंडिया लिमिटेड की शिकायत पर सोमवार को तीन बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और डुप्लीकेट ‘माउंटेन ड्यू’ कोल्ड ड्रिंक की 175 पेटियां जब्त कर लीं।
उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा आयुक्त और जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने स्थानीय पुलिस और पेप्सिको के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। लोकेश ट्रेडर्स, एम.एस. ट्रेडर्स और पवन ट्रेडर्स नामक तीनों फर्मों से 400 एमएल की नकली माउंटेन ड्यू की कुल 175 पेटियां बरामद हुईं। ये बोतलें असली माउंटेन ड्यू की पैकेजिंग और लेबल के साथ बाजार में बेची जा रही थीं, जिससे कंपनी की बिक्री और ब्रांड प्रतिष्ठा को भारी नुकसान हो रहा था।
छापेमारी के दौरान सभी पेटियों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तीनों फर्मों से एक-एक नमूना लेकर राज्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फर्म मालिकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पेप्सिको इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि ने तुरंत थाना हाईवे में तीनों फर्मों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा दी है। कंपनी का कहना है कि ऐसे नकली उत्पाद न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में नकली कोल्ड ड्रिंक और खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि जनहित में ऐसे अभियान अब लगातार चलते रहेंगे।




