पूर्वी दिल्ली में इंटर-स्टेट ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश, 167 ग्राम स्मैक बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। पूर्वी दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर बड़ा कदम उठाते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड, ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की टीम ने इस ऑपरेशन में दिल्ली के तिलकपुरी इलाके से एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया, वहीं उसके यूपी बरेली स्थित सप्लायर को भी पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों से कुल 167.78 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पूर्वी जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड की विशेष टीम, एसआई दीपक, एसआई राहुल, एसआई संजीव समेत कई जवानों के साथ इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में और एसीपी ऑप्स ईस्ट श्री पवन कुमार की देखरेख में लगातार इलाके में ड्रग नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि ‘रहीम’ नाम का युवक त्रिलोकपुरी इलाके में स्मैक बेचने के लिए घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 19 ब्लॉक चौक, त्रिलोकपुरी के पास जाल बिछाया और रहीम को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 50.40 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में रहीम ने खुलासा किया कि वह यह नशे का सामान बरेली, यूपी के सप्लायर नदीम अली से लाता था। इसके बाद पुलिस ने पूरी सिंडिकेट को खत्म करने के लिए एक टीम को बरेली भेजा। कई घंटों की सघन तलाशी के बाद पुलिस ने बरेली के मोहल्ला कटघर, बाकरगंज गांव के पास अंगूरी मस्जिद के पास से नदीम अली को गिरफ्तार कर लिया। नदीम के पास से भी 117.38 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ में रहीम ने माना कि उसने जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी को ही अपना धंधा बना लिया था। वहीं, नदीम अली बरेली से दिल्ली के पेडलर्स को स्मैक सप्लाई करने वाले इस नेटवर्क का अहम कड़ी था। दोनों आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं और पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
पूर्वी दिल्ली पुलिस का कहना है कि समाज को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार अंजाम दिया जा रहा है और किसी भी कीमत पर नशे के इस कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button