दिल्ली में दीवारों पर पोस्टर चिपकाना पड़ेगा महंगा

Pasting posters on walls in Delhi will be expensive

नई दिल्ली/एजेंसी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी को सही मायनों में दिलवालों की दिल्ली बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने साफ कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, हरी-भरी और सुंदर बनाना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए वह जल्द ही दीवारों पर पोस्टर चिपकाने और वॉल पेंटिंग से उन्हें बदरंग करने पर रोक लगाने के मद्देनजर सख्त आदेश जारी करेंगी। उन्होंने दिल्ली वालों से अपील की कि वे दिल्ली को साफ-सुथरा बनाने में पूरा योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने यह विचार शनिवार को दिल्ली सचिवालय में लैंडस्केपिंग के मूल सिद्धांत नामक पुस्तक के विमोचन के दौरान व्यक्त किए। इस कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, पुस्तक के लेखक अजय कुमार कौशिक, दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर रोबिन हिब्बु और कई लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम में दिल्ली को स्वच्छ बनाने को लेकर मुख्यमंत्री ने अपने दिल के विचार व्यक्त किए और कहा कि शहर सरकार का नहीं होता, वह समाज और लोगों का होता है। सरकार किसी भी शहर को लोगों की भागीदारी के बिना स्वच्छ नहीं कर सकती। सबके मन में यह भाव है कि यमुना मैया स्वच्छ दिखे, दिल्ली हरी-भरी नजर आए और साफ-सुथरी भी दिखे।
उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की दीवारें गंदी नजर आ रही हैं। वहां पोस्टर चिपकाए जा रहे हैं। वॉल पेंटिंग से उन्हें बदरंग किया जा रहा है। हम चाहते हैं कि ऐसा न हो। इसकी रोकथाम के लिए हम जल्द ही सख्त आदेश जारी करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस बात पर दुख जताया कि पिछली सरकारों ने दिल्ली को कभी भी सुंदर बनाने की मुहिम शुरू नहीं की। पिछली सरकारों ने दिल्ली का खजाना तो खूब झाड़ा लेकिन उसकी धूल नहीं झाड़ी। हम पूरी दिल्ली को खूबसूरत बनाएंगे। हम यमुना को निर्मल बनाएंगे, उसके किनारे पार्क और ट्रेक बनाएंगे, ताकि लोग वहां घूमने आएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असली देशभक्ति भी यही है। देश के वीर सैनिक बॉर्डर पर देश की रक्षा करते हैं। हमें भी देशभक्त बनकर अपनी मातृभूमि को बेहतर बनाने के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को विकसित बनाने को लेकर वह गंभीर हैं। उनके कार्यालय पर जब लोग मिलने आते हैं तो वह पूछती हैं कि आप दिल्ली की बेहतरी के लिए क्या करोगे। उन्होंने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को इस मुहिम से जुड़ना होगा, तभी शहर साफ-सुथरा और ग्रीन बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button