ग्वालियर में ट्रेन को डिरेल करने की बड़ी साजिश, ड्राइवर की एक चालाकी से टल गया बड़ा हादसा
A big conspiracy to derail the train in Gwalior, a big accident was averted due to the cleverness of the driver

ग्वालियर/मध्य प्रदेश। ग्वालियर में एक बड़े ट्रेन हादसे को अंजाम देने की कोशिश की गई। यहां ट्रेन की पटरियों पर लोहे की रॉड रखकर ट्रेन को पलटाने का प्रयास किया गया। मामले को लेकर अब रेलवे और ग्वालियर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दरअसल, बीते कुछ महीनों में देश के अलग अलग जगहों पर ट्रेन पलटाने के कई तरह के मामले सामने आए हैं। हालांकि अब तक रेलवे की सतर्कता के चलते कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है। मंगलवार की सुबह ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर जानकारी मिली थी कि बिरला नगर स्टेशन के पास ट्रेन के ट्रैक पर एक लोहे की रॉड रखी हुई है। जब एक मालगाड़ी 12 किलोमीटर की रफ्तार से उस ट्रैक पर आ रही थी, तभी अचानक ड्राइवर की नजर उस रॉड पर पड़ी। उसने ऐन वक्त पर ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना की जानकारी बिरला नगर रेलवे स्टेशन और ग्वालियर रेलवे स्टेशन को दी गई। रेलवे स्टाफ के साथ ग्वालियर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई है। रेलवे पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पूरे मामले में जांच की जा रही है। रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
बता दें कि इसके पहले भी मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के नेपानगर में रेलवे ट्रैक पर डेटोनेटर मिला था। वहां से गुजरने वाली सेना को ट्रेन को उड़ाने की साजिश बताई जा रही थी। वहीं यूपी के कानपुर में रेलवे ट्रैक पर सिलेंडर मिलने से हड़कंप मच गया था। यूपी के ही ललितपुर में रेलवे ट्रैक पर सरिया मिला था। इसके बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है।




