सूरत के कपड़ा कारोबारी ने अनूठे अंदाज में बांटा दिवाली बोनस, नोटों से सजी थाली पत्नी के हाथों कर्मचारियों को भेंट की
दीपावली के मौके पर खुशियां बांटने के लिए कंपनियों अपने कर्मचारियों को बोनस और उपहार देती हैं। गुजरात के सूरत में कपड़ा कारोबारी ने अनूठे अंदाज में 20 कर्मचारियों को बोनस बांटा। कारोबारी ने एक थाली में नोटों के बंडल रखे और फिर पत्नी के हाथों ने बोनस बांटा।

सूरत,गुजरात। दीपावली खुशियां बांटने और अपनों के साथ त्योहार मनाने का पर्व है। इसी भावना को खास अंदाज में पेश करते हुए सूरत के कपड़ा कारोबारी रामस्वरूप मुंडे ने अपने 20 कर्मचारियों को अनूठे तरीके से दिवाली बोनस दिया। उन्होंने पूजा की थाली की तरह एक सजी हुई थाली में 10, 20 से लेकर 500 रुपये तक के नए नोटों के बंडल करीने से सजाए और अपनी पत्नी के हाथों कर्मचारियों को भेंट करवाए।
सूरत के मोटा वराछा इलाके में कपड़े का कारोबार करने वाले रामस्वरूप मुंडे ने कर्मचारियों को सामान्य लिफाफे में बोनस देने के बजाय इस बार उसे यादगार बनाने की पहल की। उनकी पत्नी ने एक-एक कर कर्मचारियों को नोटों से सजी थाली सौंपकर बोनस दिया। कर्मचारियों की पत्नियों के हाथों यह उपहार मिलने पर माहौल भावुक हो गया। अचानक मिले इस सम्मानजनक सरप्राइज से कई कर्मचारी अभिभूत नजर आए।
इस मौके पर रामस्वरूप मुंडे ने कहा कि उनका स्वभाव भले ही गर्म मिजाज का हो, लेकिन वह किसी के लिए गलत नहीं सोचते। उन्होंने महिला कर्मचारियों को भी भरोसा दिलाया कि वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह राजस्थान में मामा अपनी भूमिका निभाते हैं, उसी तरह वह भी जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों की मदद करेंगे।
कारोबारी के बोनस बांटने के इस अनूठे अंदाज की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। सूरत देश के प्रमुख कपड़ा उत्पादन केंद्रों में शामिल है। यहां साड़ियों, ड्रेस मटेरियल और अन्य वस्त्रों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। शहर का कपड़ा उद्योग लाखों लोगों को रोजगार देता है। सूरत हीरा तराशने और पॉलिश करने के कारोबार के लिए भी देश-दुनिया में अपनी पहचान रखता है।


