महिला सुरक्षा व स्वावलंबन का बजा बिगुल,धाता में मिशन शक्ति का हुआ आगाज

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जिले के धाता में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के ‘महिला मिशन शक्ति’ अभियान की गूंज अब कस्बों तक पहुंच चुकी है। इसी कड़ी में बुधवार को धाता थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में नगर पंचायत धाता के चौधरी धनराज सिंह इंटर कॉलेज में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज, मिशन शक्ति टीम, विद्यालय के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। गोष्ठी में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने शासन की महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्डलाइन 1098, डायल 112 जैसे आपातकालीन नंबरों के प्रयोग की प्रक्रिया भी बताई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और बालिकाएं तत्काल सहायता पा सकें। थानाध्यक्ष ने कहा कि “मिशन शक्ति” का उद्देश्य महिलाओं को डर से मुक्ति, सम्मान से जीवन और स्वावलंबन से शक्ति प्रदान करना है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने इसे समाज में बदलाव की नई लहर बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सुरक्षा व आत्मनिर्भरता की चेतना तेज़ी से बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को कानूनी अधिकार, आत्मरक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी दी गई। मौके पर उपस्थित अध्यापकों ने छात्राओं को शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और सजगता को जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया। इस तरह धाता में हुआ यह आयोजन मिशन शक्ति के पांचवें चरण को नई ऊर्जा और दिशा देने वाला साबित हुआ। महिलाओं और बालिकाओं के लिए यह संदेश भी गया कि प्रशासन उनके साथ है और उनका सुरक्षित, सम्मानजनक एवं स्वावलंबी भविष्य सुनिश्चित करने के लिए संकल्पबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button