गुरुग्राम में क्लबों के बाहर फेंके बम, क्षतिग्रस्त हुई स्कूटी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली थी धमकी
Bombs thrown outside clubs in Gurugram, scooty damaged, threat was received from Lawrence Bishnoi gang

गुरुग्राम। चंडीगढ़ में 15 दिन पहले रंगदारी को लेकर क्लबों के बाहर किए गए धमाके के बाद अब मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे गुरुग्राम के दो क्लबों के बाहर दो देसी बम फेंककर दहशत फैलाई गई। सूत्रों के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर यहां मौजूद दो क्लबों से रंगदारी मांगी गई थी। हमले में एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और क्लब का बोर्ड जल गया। हालांकि, कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। यहां मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए आरोपित को पकड़ लिया। इसके पास से दो बम भी बरामद किए गए। सेक्टर 29 की मार्केट में एक साथ एक दर्जन से ज्यादा पब-बार व क्लब संचालित हो रहे हैं।
बताया जाता है कि 15 दिन पहले यहां मौजूद टॉय बॉक्स के नाम से संचालित पब-बार के मालिक को रंगदारी के लिए धमकी दी गई थी। मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे इसी क्लब के पास दो बम फेंके गए। दोनों बम इस पब के 20 फीट दूर आगे ह्यूमन क्लब के बाहर आकर गिरे। क्लब के बाहर खड़ी एक स्कूटी जल गई। इस क्लब का बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गया।
उधर, टॉय बॉक्स के पास पहले से तैनात गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच व स्वैट टीमों ने साहस का परिचय देते हुए एक व्यक्ति को बम व हथियार सहित पकड़ लिया। इसके पास से एक कंट्री मेड पिस्टल बरामद की गई है। इसकी पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी सचिन के रूप में की गई है। वहीं, प्राथमिक जांच में पाया गया कि घटना के समय वह नशे की हालात में था और इसके द्वारा दो देसी बम फेंके जा चुके थे। दो बम इसके द्वारा और फेंके जाने थे, इससे पहले ही गुरुग्राम पुलिस ने इसे बम सहित पकड़ लिया। बम डिस्पोजल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों बमों को निष्क्रिय किया।
बता दें कि आगामी जांच के लिए आरोपित से क्राइम ब्रांच और एसटीएम टीम गहनता से पूछताछ कर रही है। इसने किसके कहने पर यहां बम फेंके और कहां से बम लेकर आया था। इसके साथ और कौन-कौन है। इसके बारे में पुलिस टीम पता लगा रही है।
सूत्रों के अनुसार, मामला लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा होने पर सुबह ही इसकी जानकारी खुफिया विभाग ने चंडीगढ़, दिल्ली के कई विभागों को दी। वहीं, घटना के बाद डीसीपी क्राइम राजेश फौगाट, एसीपी क्राइम वरुण दहिया, क्राइम ब्रांच और एसटीएफ टीम ने भी यहां का जायजा लिया। एनआइए भी दोपहर बाद शहर पहुंची और बम विस्फोट की जांच अपने हाथ में ले ली।




