दिल्ली की मंडोली जेल में कैदी पर जानलेवा हमला, उगाही न देने पर धारदार हथियार से किया वार

मंडोली जेल में 40 वर्षीय विचाराधीन कैदी जावेद उर्फ टोनी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और जीटीबी अस्पताल में भर्ती है। पीड़ित की पत्नी ने जेल के अंदर 10-15 हजार रुपये की अवैध उगाही और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है, जिसकी जांच पुलिस और जेल प्रशासन कर रहे हैं।
दिल्ली ब्यूरो। मंडोली जेल एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। हर्ष विहार थाना क्षेत्र स्थित जेल परिसर में 40 वर्षीय विचाराधीन कैदी जावेद उर्फ टोनी पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि जेल के अंदर ही किसी धारदार हथियार से उसकी कमर पर कई वार किए। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन ने घायल कैदी को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार यह हमला बुधवार देर रात हुआ। पीड़ित की पत्नी अफरोजा ने बताया कि वह बुधवार सुबह अपने पति से मिलने मंडोली जेल गई थी और उस समय वह पूरी तरह ठीक था। लेकिन देर रात उसे जेल से फोन आया। अधिकारियों ने बताया कि जावेद पर हमला हुआ है। उसे तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पत्नी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर जावेद गंभीर हालत में मिला।
घायल जावेद ने आरोप लगाया है कि जेल के अंदर उससे 10 से 15 हजार रुपये की अवैध उगाही की मांग की जा रही थी। रकम पूरी नहीं करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। उसने यह भी दावा किया कि उस पर कई बार चाकू से हमला करने की कोशिश की गई लेकिन वह बच निकला।
जावेद के भाई गुलशन ने बताया कि उनके पति बीते लगभग सात माह से नशीला पदार्थ बेचने के आरोप में मंडोली जेल में बंद हैं। उनके बहनोई अमजद उर्फ राकल की भी एक मार्च को नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में बंद जाकिर नाम के कैदी ने उनके भाई पर हमला किया है। इस हमले में जेल प्रशासन के कुछ लोग भी शामिल हैं जो उगाही करवाते हैं। पुलिस और जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




