आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बारात लेकर जा रही बस पलटी, 25 बराती घायल, नींद आने से हुआ हादसा

उन्नाव/उत्तर प्रदेश। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बारात लेकर जा रही बस बांगरमऊ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके चलते बस में सवार 25 लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह बस गुड़गांव से बारात लेकर जौनपुर जा रही थी। घटना सुबह 6 बजे की है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी लगने से यह हादसा हो गया। फिलहाल सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 251 पर एक मिनी बस गुड़गांव से बारात लेकर जौनपुर जा रही थी। बस में करीब 32 लोग सवार थे, जिसमें सात बच्चे भी शामिल है। पुलिस के अनुसार बस में बैठे सभी बड़े लोग घायल हो गए और बच्चे सही सलामत है।
सीओ बांगरमऊ अरविंद चौरसिया ने बताया कि यह घटना ड्राइवर को झपकी आने से होना बताई जा रही है। साथ ही बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक इलाज बांगरमऊ सीएचसी में कराया गया। इसके बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा दिया गया।




