मेरठ अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़,कमरे में बेड और बेड के नीचे तहखाने में चल रही थी फैक्ट्री

मेरठ के लोहियानगर क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान के तहखाने में चल रही अवैध पिस्टल फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 11 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।
मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ में अपराध की जड़ों तक पहुंचने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में लोहियानगर क्षेत्र के अल्लीपुर इलाके में एक मकान के तहखाने में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। इस कार्रवाई में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का सरगना रहीमुद्दीन समेत 10 आरोपी अभी फरार हैं। इस खुलासे ने न केवल एक बड़े अवैध नेटवर्क को उजागर किया है, बल्कि स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस की छापेमारी के दौरान एक मकान के कमरे में डबल-बेड के नीचे बने तहखाने से अवैध हथियार बनाने का पूरा सेटअप बरामद हुआ। मौके से 11 तैयार पिस्टल, 12 मैगजीन और हथियार बनाने के उपकरण मिले हैं। पुलिस के अनुसार यह फैक्ट्री पिछले तीन महीनों से संचालित हो रही थी और ऑन-डिमांड हथियार तैयार कर अपराधियों तक पहुंचाए जा रहे थे। मेरठ एसएसपी अविनाश पांडेय के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने हाल ही में 150 से अधिक अवैध पिस्टलों की सप्लाई की है। यह हथियार विभिन्न अपराधियों तक उनकी मांग के अनुसार पहुंचाए जा रहे थे।
पुलिस अब इन हथियारों के खरीदारों की पहचान कर रही है और उन्हें भी मामले में शामिल करने की तैयारी कर रही है। स्वाट और सर्विलांस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहियानगर क्षेत्र में अवैध हथियारों का कारोबार हो रहा है। इसके बाद पुलिस ने घोसीपुर कट के पास दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में असलम, अलाउद्दीन, अनस, शक्ति, मुनीर, आरिश, शिवा शर्मा, गुड्डू सैनी, राजन और रजत शर्मा शामिल हैं, जो लंबे समय से इस नेटवर्क से जुड़े हुए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का मास्टरमाइंड रहीमुद्दीन अपने अल्लीपुर स्थित मकान के तहखाने में इस अवैध फैक्ट्री को चला रहा था। उसके साथ कई अन्य आरोपी भी सक्रिय रूप से हथियार बनाने और सप्लाई करने में लगे थे। फिलहाल रहीमुद्दीन समेत 10 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
स्थानीय पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने स्थानीय थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन महीने तक इतने बड़े स्तर पर अवैध हथियारों का निर्माण और सप्लाई होती रही, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।




