राजधानी दिल्ली में फर्जी वीजा और पासपोर्ट गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने गिरफ्तार किए चार नाइजीरियाई
तीन हजार रुपये में लगाकर देते थे फर्जी वीजा

दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने बुराड़ी इलाके में चल रहे एक फर्जी वीजा व पासपोर्ट रैकेट का भंडाफोड़ कर चार नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नवाचुकु बेंजामिन, इमैनुएल इफियानीचुकु, पाल ओलिसामेका और महिला प्रेशियस ओसासेरे शामिल है। आरोपी अफ्रीकी मूल के नागरिकों को फर्जी वीजा तैयार करके देते थे।
पुलिस ने इनके पास से एक लैपटाॅप, एक कलर प्रिंटर, सात मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव, नकली वीजा लगे छह पासपोर्ट और 17 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस इनसे पूछताछ करने में जुटी है। फर्जी वीजा के अलावा आरोपित धोखाधड़ी रैकेट भी चलाते थे।
पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि 10 सितंबर को स्पेशल स्टाफ ने छतरपुर से नाइजीरियन नागरिक बेंजामिन और कोट डी आइवरी निवासी कूलिबली मरियम को 355 ग्राम कोकेन के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस को उनके पासपोर्ट पर लगे वीजा फर्जी मिले। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बुराड़ी, संत नगर में रहने वाले नाइजीरियन नागरिक न्वाचुकु बेंजामिन से फर्जी वीजा बनवाया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बुराड़ी में छापा मारा और वहां से न्वाचुकु बेंजामिन सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके पर फर्जी वीजा तैयार करने में इस्तेमाल किया जा रहा एक लैपटाप, एक कलर पि्रंटर, सात मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव, छह नकली वीजा-पासपोर्ट और 17 हजार रुपये बरामद किए। पूछताछ के दौरान आरोपित न्वाचुकु बेंजामिन ने पुलिस काे बताया कि वह वर्ष 2017 में डंकी रूट से भारत आया था। यहां वह वीजा समाप्त होने के बाद अवैध रूप से रहने वाले अफ्रीकी मूल के नागरिकों का फर्जी वीजा बनाने लगा।




