ऑल वुमन बाइक रैली में दिखी बीएसएफ और दिल्ली पुलिस की महिलाओं की ताकत

नई दिल्ली। वुमन बाइक रैली का अभिन्न हिस्सा बन चुकीं दिल्ली पुलिस की महिला बाइकर्स इस बार भी पूरे जोश और उत्साह से भरी नजर आईं। बाइक रैली में सबसे आगे चलते हुए इस दस्ते ने अन्य बाइकर्स की सुरक्षा को सुनिश्चित करने और जोश में भी होश कायम रखते हुए रैली को व्यवस्थित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। सेंट्रल जिले से जहां एसआई किरण सेठी की अगुवाई में दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों का दस्ता बाइक और स्कूटर पर सवार होकर रैली में पहुंचा, वहीं हेड कॉन्स्टेबल प्रमिला बेनीवाल भी दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों की एक अन्य टुकड़ी को लेकर आईं थीं। खाकी वर्दी में बाइक और स्कूटरों पर सवार करीब 30-40 महिला पुलिसकर्मियों की इस टीम ने महिला सशक्तिकरण के एक मजबूत उदाहरण के रूप में बाइक रैली की शोभा बढ़ाई।
बीएसएफ की सीमा भवानी टीम की जाबांज़ी
बीएसएफ सीमा भवानी की जिन जांबाज महिला बाइकर्स को आप 26 जनवरी के दिन कर्तव्य पथ पर बाइक्स पर हैरतअंगेज करतबों के साथ देखते हैं, बीएसएफ की उन्हीं महिला बाइकर्स ने रविवार को ऑल वुमन बाइक रैली में हिस्सा लिया। टीम कैप्टन हिमांशु सिरोही की लीडरशिप में रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर रैली में शामिल होने आईं बीएसएफ की एसआई तुलसी, अनिता, रेखा, श्रुति, ऊषा और सीएम पांडे समेत अन्य जांबाज महिला बाइकर्स ने बताया कि उन्हें इस बाइक रैली का बेसब्री से इंतजार रहता है। टीम कैप्टन हिमांशु ने बताया कि उनकी टीम के नाम सात वर्ल्ड रिकॉर्ड हैं। श्रुति ने बताया कि शादी के बाद पहले सास-ससुर बाइक चलाने को मना करते थे। लेकिन अब उनकी बहादुरी देखकर उनके मम्मी-पापा से कहीं अधिक उन्हें वह सपोर्ट करते हैं। सीएम पांडे ने बताया कि उनकी 24-24 साल की दो जुड़वा बेटियां, पति और 21 साल का बेटा समेत पूरा परिवार उन्हें बाइक चलाते हुए देखकर खुश होता है।
सीआईएसएफ की बहादुर बाइकर्स का जज़्बा
सीआईएसएफ की बहादुर महिला बाइकर्स भी इस रैली का हिस्सा बनीं। इंस्पेक्टर मृणाल अहिरकर और एसआई अलपा यादव के नेतृत्व में बाइक रैली में शामिल हुईं महिला बाइकर्स का जोश देखते ही बन रहा था। टीम में पूजा, ट्विंकल, कविता, रूबी, शिल्पा, दीक्षा गायकवाड, संजू, पी मैथ्यू और अंजलि समेत अन्य ने बताया कि जबसे उन्होंने कहा कि वुमन बाइक रैली में शामिल होना उन्हें बहुत अच्छा लगता है। महिला सिपाही पूजा ने बताया कि वह इस वुमन बाइक रैली में तभी से शामिल हो रही हैं। जब से इसे शुरू किया था। कविता का कहना है कि वह भी कई सालों से इसका हिस्सा बन रही हैं। यहीं महिला सिपाही ट्विंकल ने बताया कि सच में यहां आकर पता लगता है कि महिलाएं किसी भी फील्ड में पुरुषों से कम नहीं हैं। इंस्पेक्टर मृणाल और एसआई अलपा यादव ने बताया कि वह हर साल महिलाओं में उत्साह भरने वाली एनबीटी की इस वुमन बाइक रैली का हिस्सा बनना चाहेंगीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button