गोरखपुर में नौकरानी ने चोरी की 51 लाख की ज्वेलरी, महिला समेत ज्वेलर्स बाप-बेटे गिरफ्तार

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर में नौकरानी ने पहले मालिक का विश्वास जीता और फिर 51 लाख रुपए से ज्यादा के गहने पर हाथ साफ कर दिए। चोरी करने के बाद ज्वेलरी के दुकान पर गिरवी रख दिया। छह महीने बाद मकान मालिक को घटना के बारे में जानकारी हुई। उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो उसमें उन्हें कुछ नहीं मिला। हालांकि, कुछ-कुछ समय के लिए कई बार कैमरे ऑफ किए गए थे। पुलिस ने इस बात को नोटिस किया और शक के आधार पर नौकरानी से पूछताछ की तो सच सामने आया। पुलिस ने नौकरानी समेत सोना गिरवी रखने वाले ज्वेलर्स पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
खोराबार थाना क्षेत्र के सहारा स्टेट में रहने वाले अरविंद त्रिपाठी और उनकी पत्नी तूलिका त्रिपाठी पेशे से टीचर हैं। उनका ज्यादातर समय कोचिंग और स्कूल चलाने में व्यतीत होता है। ऐसे में घर की देखभाल के लिए उन्होंने 2016 में ही सावित्री को नौकरानी रखा था, जो पहले तो जरूरत पर ही काम करने आती थी, लेकिन बाद में व्यस्तता के चलते उसे फुल टाइम नौकररानी रख लिया गया। धीरे-धीरे नौकरानी ने दंपती का विश्वास जीता और घर की चाबी भी अपने हाथ में ले ली, फिर विश्वास घात करते हुए पिछले छह माह में घर में रखे सारे गहने चुरा लिए और उन्हें ज्वेलर्स के पास गिरवी रख दिया, जिनकी कीमत 51 लाख 14 हजार बताई जा रही है।
10 फरवरी को दंपती ने जब अलमारी खोली तो उनके होश उड़ गए। वहां रखे सारे गहने गायब हो चुके थे। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर भी उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। बीच-बीच में कैमरा कई बार ऑफ होता मिला। शक होने पर उन्होंने नौकरानी से पूछताछ की, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया। दंपती ने थाने में शिकायत दी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया और बीच-बीच में कई बार कैमरा ऑफ करने की बात को नोटिस किया। शक के आधार पर नौकरानी से कड़ाई से पूछताछ की तो उसके सब्र का बांध टूट गया। उसने सबकुछ उगलते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ज्वेलर्स बाप-बेटे की गिरफ्तारी के बाद सोना व्यापारियों में रोष है। उनका कहना है कि गिरवी रखे गए सोने की कोई जांच नहीं की जाती है। इस आधार पर बाप बेटों का कोई दोष नहीं है। उन्हें छोड़ दिया जाए। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि गृह स्वामी को 10 फरवरी को इसकी जानकारी होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। नौकरानी और ज्वेलर्स पिता-पुत्र को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button