स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, तीन बच्चों को लगी चोट; बड़ा हादसा टला
उदयपुर जिले के भींडर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नारदा में पढ़ाई के दौरान कक्षा की छत का प्लास्टर गिरने से 3 मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों को भींडर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। जर्जर भवन की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।

उदयपुर,राजस्थान। जिले के भींडर क्षेत्र की वाणियातलाई ग्राम पंचायत के राजकीय प्राथमिक विद्यालय नारदा में पढ़ाई के दौरान कक्षा-कक्ष की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। मलबे की चपेट में आने से तीन बच्चों के सिर में चोटें आईं, जबकि कुछ अन्य बच्चे भी चोटिल हुए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय बच्चे कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ छत का प्लास्टर नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि पूरी छत नहीं गिरी, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के तत्काल बाद घायल बच्चों को भींडर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और पट्टी के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में है और भवन की मरम्मत को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से विद्यालय भवन का तत्काल निरीक्षण कराने, जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना भवन की स्थिति सुधारना जरूरी है।




