किसान बाबूसिंह आत्महत्या मामले में एक लाख के इनामी आरोपी को प्रयागराज एसटीएफ ने किया गिरफ्तार

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर में किसान बाबूसिंह यादव की आत्महत्या में जमकर राजनीति हुई थी। इस मामले के मुख्य आरोपी निष्कासित बीजेपी नेता डॉ प्रियरंजन आशु दिवाकर को पुलिस अरेस्ट नहीं कर पाई है। किसान आत्महत्या मामले में प्रयागराज एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रयागराज एसटीएफ ने एक लाख के इनामी शिवम सिंह को अरेस्ट किया है। शिवम को प्रयागराज एसटीएफ ने कानपुर की चकेरी पुलिस के हवाले कर दिया है। चकेरी पुलिस शिवम सिंह से पूछताछ कर रही है।
चकेरी थाना क्षेत्र स्थित चकेरी गांव में रहने वाले बाबू सिंह यादव पेशे से किसान थे। परिवार में पत्नी बिट्टन बेटी रूबी और काजल के साथ रहते थे। किसान की लगभग 10 बीघा जमीन थी। निष्कासित बीजेपी नेता ने 6 बीघा जमीन का साढ़े 6 करोड़ में किसान से सौदा तय किया था। किसान का आरोप था कि बीते 18 मार्च को एक होटल में बुलाकर जमीन अपने नाम करा ली थी।
इसके बदले में 6.20 करोड़ की चेक दी थी, और 7 लाख रुपए नकद दिए थे। इसके बाद चेक में गलती होने की बात कह कर चेक वापस लेली थी। इसके बाद चेक वापस नहीं दी, और उस जमीन पर प्लाटिंग शुरू कर दी। इससे आहत होकर किसान ने सीएम के नाम पत्र लिखकर 09 सितंबर 2023 को ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
मृतक किसान बाबू सिंह के परिवार ने बीजेपी नेता और बाल आयोग के सदस्य डॉ प्रियरंजन आशु दिवाकर, भतीजे जितेंद्र यादव, बबलू यादव, राहुल जैन, मधुर पांडेय, शिवम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। राहुल जैन और मधुर पांडेय को अरेस्ट कर जेल भेजा गया था। बाकी आरोपी फरार चल रहे हैं।
पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों पर 50 हजार से इनाम राशि बढ़ाकर एक लाख कर दी थी। इसके बाद किसान के भतीजे जितेंद्र यादव के घर पर 82 का नोटिस चस्पा किया था। इसके बाद निष्कासित बीजेपी नेता डॉ प्रियरंजन आशु दिवाकर के घर पर भी पुलिस ने 82 का नोटिस चस्पा किया था। जिसमें से राहुल जैन और फरार चल रहे आरोपी जितेंद्र यादव को जमानत मिल चुकी है।
पुलिस की पूछताछ में शिवम सिंह ने बताया कि निष्कासित बीजेपी नेता प्रियरंजन आशु दिवाकर ने किसान बाबूसिंह से लगभग साढ़े छह करोड़ के चेक धोखे से वापस ले लिए थे। बाबूसिंह की जमीन विवादित थी या नहीं इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन प्रियरंजन ने कहा था कि हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद मदद करेगा। लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। चकेरी पुलिस शिवम का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश करेगी। इसके बाद पुलिस शिवम को रिमांड में ले सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button