इतिहास बन जाएगा बांद्रा का आखिरी आयरन ब्रिज, जनवरी में ब्लॉक लेकर होगा हटाने का काम
Bandra's last iron bridge will become history, the work of removing it will be done by taking blocks in January

मुंबई/एजेंसी। भारतीय रेल ब्रिटिश काल में कई ब्रिज और उनके पाइल आयरन के बने थे। समय के साथ इन्हें अब नई तकनीक से बदला जा रहा है। इस बदलाव में बांद्रा के मीठी नदी पर बने पुल को भी अब बदलने का वक्त आ गया। इस ब्रिज पर लगा आयरन के आखिरी स्क्रू पाइल्स में से एक जल्द ही इतिहास बन जाएगा । बांद्रा में मीठी नदी पर स्थित पुल संख्या 20 को सीमेंट कंक्रीट गर्डर से बदला जाएगा। यह पुल 1888 से रेल पटरियों को सहारा देता आ रहा है। यह उसी समय का है जब बांद्रा रेलवे स्टेशन का निर्माण हुआ था। इस पुल के नीचे, स्लो और फास्ट लाइनों पर, चर्चगेट और विरार की ओर जाने वाले ट्रैक के लिए आठ खंभे हैं – प्रत्येक रेल लाइन के नीचे दो। ये खंभे कास्ट आयरन से बने हैं, जिनका वजन 8-10 टन है, और ये 15-20 मीटर की गहराई तक, मीठी नदी के बेडरॉक तक जाते हैं। इन खंभों का व्यास लगभग 2 फीट या 600 मिमी है और उनकी मोटाई 50 मिमी है, ताकि वे स्टील गर्डर और उनके ऊपर रेल लाइनों का भार सह सकें। ये खंभे दादर छोर की पत्थर की दीवार से सटे हुए हैं, जिसे अब तोड़ा जाएगा।
पश्चिम रेलवे के एक इंजीनियर ने बताया कि यह भारतीय रेल पर कास्ट आयरन का आखिरी स्क्रू पाइल है। इसे हटाना पड़ेगा क्योंकि यह धंस रहा है और कमजोर हो गया है। यह ट्रेन संचालन के लिए सुरक्षा का मुद्दा बन सकता है और इसे बदलना जरूरी है। वर्षों से हमने इन पाइल्स को मजबूत करने के लिए काम किया है। इन आठ लोहे के खंभों की लंबाई 9-10 मीटर तक फैली हुई है और यह चार रेल लाइनों का भार संभालते हैं।
यह रेल पुल उत्तर-दक्षिण दिशा में लगभग 50-60 मीटर लंबा है और इसे सात सीमेंट गर्डर्स ने संभाला हुआ है। चर्चगेट छोर पर लोहे के पाइल्स हैं, जो नदी में स्क्रू किए गए हैं। बाकी लोहे के खंभों को सीमेंट कंक्रीट से कवर किया गया है, और केवल स्क्रू पाइल का सिरा ही ऊपर दिखाई देता है। वर्तमान में इंजीनियरों ने मीठी नदी के पूर्व और पश्चिम किनारों पर कॉफरडैम लगाए हैं ताकि पानी का प्रवाह रोका जा सके। वहां जमा पानी को हाई-पावर पंप की मदद से बाहर निकाला जा रहा है ताकि लोहे के खंभों को हटाया जा सके।
जनवरी में होगा महा मेगा ब्लॉक पश्चिम रेलवे जनवरी में दो 9.5 घंटे के रेल ब्लॉक लेगा। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, यह ब्लॉक 24-25 जनवरी और 25-26 जनवरी की रात को लिया जाएगा, हर रात 9.5 घंटे के लिए। इन ब्लॉकों के दौरान कितनी ट्रेन सेवाएं रद्द और विलंबित होंगी, इस पर अभी कोई स्पष्टता नहीं है क्योंकि इसकी योजना अभी बनाई जानी बाकी है। इन दो रातों के दौरान, इंजीनियर लोहे के खंभों के ऊपर लगे स्टील गर्डर को हटा देंगे और उसकी जगह 20 मीटर लंबे कंक्रीट गर्डर लगाएंगे।



