दिल्ली के 25 बड़े ड्रग्स तस्करों की संपत्तियों पर चलेगा बुलडोजर

नई दिल्ली। राजधानी के 25 बड़े ड्रग्स तस्करों की संपत्तियों को सील कर दिया गया है। ड्रग्स तस्करों पर नकेल कसने की दिशा में पहली बार इस तरह की बड़ी कार्रवाई की गई है। दिल्ली पुलिस की रिपोर्ट पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने नगर निगम को तस्करों की संपत्तियों को सील करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। ये सभी ऐसे तस्कर हैं जो लंबे समय से थोक में ड्रग्स का कारोबार कर रहे हैं। सील की गई संपत्तियों को तोड़ने के लिए कानूनी कार्रवाई की कवायद शुरू कर दी गई है।
अब दिल्ली होगा ड्रग्स मुक्त
यह कदम ड्रग्स के खतरे के खिलाफ एलजी की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप है और इसका उद्देश्य दिल्ली को ‘ड्रग्स मुक्त’ बनाना है। इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक सख्त संदेश देना और ड्रग्स माफिया को इस तरह के कृत्यों में शामिल होने से रोकना है। एलजी ने बीते 27 अप्रैल को संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया था कि वे ड्रग्स तस्करों के लिए इस्तेमाल की जा रही संपत्तियों व इमारतों को सील करें और ऐसी संपत्तियों को गिराने की कार्यवाही शुरू करें। शहर में ड्रग्स माफिया के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद पूरी दिल्ली में 25 संपत्तियों की पहचान की गई, जिनका इस्तेमाल या तो संपत्ति के मालिकों या अन्य कब्जाधारियों के माध्यम से किया जाता था। इसके बाद दिल्ली पुलिस की सिफारिश पर नगर निगम ने संपत्तियों को सील कर दिया।
निगम द्वारा सील की गई संपत्तियों में से 24 आवासीय हैं और इनका उपयोग तस्करों द्वारा बिना किसी संदेह के आसानी से किया जा रहा था। 25 संपत्तियों में से सात को शाहदरा (उत्तर) जोन में और चार को सेंट्रल और नरेला जोन में सील कर दिया गया है। बाकी अन्य जोन में हैं।
गौरतलब है कि एलजी ने एनसीओआरडी (नेशनल नारकोटिक्स कोआर्डिनेशन) की राज्य स्तरीय समिति की पाचवीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को ड्रग्स के खतरे पर अंकुश लगाने का निर्देश दिया था।
संपत्तियों को सील करने व ध्वस्त करने के अलावा एलजी ने परिवहन विभाग को मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल वाहनों के परमिट को रद्द करने के लिए आवश्यक प्रविधान करने का भी निर्देश दिया है। इन कदमों का उद्देश्य राज्य और केंद्र सरकार की सभी संबंधित एजेंसियों की सक्रिय भागीदारी के साथ दिल्ली को ‘ड्रग्स-मुक्त’ बनाना है।
एलजी ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी न केवल आपराधिक कृत्य है बल्कि देश को कमजोर करने के लिए अंतरराष्ट्रीय साजिश है। उन्होंने कानून लागू करने वाली एजेंसियों से इस खतरे से लड़ने के लिए मिशन मोड में काम करने का आह्वान किया। एलजी ने जमीनी स्तर पर काम करने पर जोर दिया और सभी हाट सपाट की पहचान कर उसे खत्म करने को कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button