डिंडौरी में रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर चढ़ा युवक, तलवार लेकर घोड़े पर जा पहुंचा; पुलिस ने सुरक्षित उतारा

डिंडौरी जिला मुख्यालय के बस स्टैंड के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा ड्रामा देखने को मिला। बस कर्मचारियों से विवाद के बाद मझियाखार का एक मजदूर रानी अवंती बाई की प्रतिमा के पास पहुंचा और उनकी तलवार निकालकर घोड़े पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा।

डिंडौरी,मध्य प्रदेश। जिला मुख्यालय स्थित राज्य परिवहन बस स्टैंड के पास मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक रानी अवंती बाई की प्रतिमा स्थल पर चढ़ गया और तलवार निकालकर घोड़े पर जा बैठा। युवक की हरकत देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के अनुसार, युवक की पहचान बजाग क्षेत्र के मझियाखार निवासी करीब 30 वर्षीय नंदलाल बनवासी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह मंगलवार सुबह अन्य मजदूरों के साथ बस से डिंडौरी पहुंचा था। यहां बस कर्मचारियों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था।
बताया गया कि विवाद के बाद युवक रानी अवंती बाई चौक पहुंचा और लोगों से कहने लगा कि कुछ लोग उसे मारने आ रहे हैं। इसके बाद वह प्रतिमा स्थल के चबूतरे पर चढ़ गया, तलवार निकाली और घोड़े पर बैठकर उसे अपने पेट पर लगाते हुए चोट पहुंचाने का संकेत देने लगा। इससे मौके पर मौजूद लोगों में चिंता फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत और समझाइश के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस के मुताबिक, युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 151 के तहत कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button