दिल्ली के जीटी करनाल रोड पर अज्ञात गाड़ी ने तेंदुए को मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत

नई दिल्ली। दिल्ली के सैनिक फार्म के बाद अलीपुर थाना इलाके में भी तेंदुए के दिखने से हड़कंप मच गया था। दो दिन पहले पुलिस को अलीपुर थाना इलाके में तेंदुए के देखे जाने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद आसपास के लोग डर के साये में जी रहे हैं।ऐसे में आज सुबह अलीपुर जीटी करनाल रोड साई मंदिर के पास करीब 4 बजे के आसपास एक अज्ञात गाड़ी ने तेंदुए को टक्कर मार दी। जिसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की जगह पर पहुंची पुलिस ने मौके पर तेंदुए के शव को कब्जे में लिया। इसके साथ ही वन विभाग को इस हादसे की जानकारी दी है। बता दें कि कुछ दिन पहले दिल्ली के सैनिक फार्म इलाके में भी तेंदुआ दिखाई दिया था। जिसके रेस्क्यू के लिए कई दिनों तक अभियान चलाया गया। हालांकि अभी तक वहां पर तेंदुआ का रेस्क्यू नहीं हो पाया है।




