दिल्ली की कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए पुलिस मुख्यालय पहुंचे अमित शाह, तीन सप्ताह में दूसरी उच्चस्तरीय बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 22 दिन में दूसरी बार दिल्ली पुलिस मुख्यालय का दौरा किया। उन्होंने राजधानी की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, जो पिछली उच्च-स्तरीय सुरक्षा बैठक के बाद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे दिल्ली पुलिस के हेडक्वार्टर। फाइल फोटो

नई दिल्ली,एजेंसी। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। गृह मंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि करीब तीन सप्ताह पहले, 24 अक्टूबर को भी उन्होंने पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की थी। लगातार दूसरी बार मुख्यालय पहुंचकर समीक्षा किए जाने से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों पर केंद्र सरकार के विशेष ध्यान का संकेत मिलता है।

24 अक्टूबर को हुई पिछली बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे। बैठक में राजधानी की सुरक्षा चुनौतियों, बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस की तैयारियों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई थी।

पिछली समीक्षा बैठक में बड़े आयोजनों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा खुफिया सूचनाओं के बेहतर संकलन और उनके समय पर इस्तेमाल पर जोर दिया गया था। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस की विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय बढ़ाने, महिला सुरक्षा को मजबूत करने, मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने और संगठित अपराध के नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की रणनीति पर भी चर्चा हुई थी।

बैठक में यातायात प्रबंधन को सुगम बनाने और विरोध प्रदर्शनों के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकने के उपायों पर भी विचार किया गया था। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए बेहतर तालमेल और सतर्कता बनाए रखने की आवश्यकता बताई गई थी।

गौरतलब है कि 24 अक्टूबर 2026 की समीक्षा बैठक से पहले अमित शाह ने 30 अगस्त 2022 को दिल्ली पुलिस मुख्यालय का दौरा किया था। ऐसे में हाल के दिनों में उनका लगातार मुख्यालय पहुंचना राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और पुलिस प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button