आगरा में टैक्सी चालक ने विदेशी महिला पर्यटकों से 50 यूरो ठगे, पुलिस ने कराए वापस

यूपी के आगरा में ताजमहल देखने आईं विदेशी महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है। हालांकि, जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो पुलिस ने महिला पर्यटकों के पैसे वापस कराए।

आगरा/उत्तर प्रदेश। ताजमहल देखने आईं दो विदेशी महिला पर्यटकों से टैक्सी चालक द्वारा पार्किंग शुल्क के नाम पर 500 रुपये की जगह 50 यूरो (करीब 5,250 रुपये) लेने का मामला सामने आया है। महिला पर्यटकों से चालक ने बहाना बनाकर उन्हें 50 यूरो से ठग लिया, लेकिन जैसे ही मामला ताज सुरक्षा पुलिस के संज्ञान में आया चालक को पकड़ कर उससे महिला पर्यटकों की करंसी वापस कराई। साथ ही आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की।
मामला मंगलवार का है। फ्रांस की दो महिला पर्यटक भारत भ्रमण पर आई थीं। दोनों दिल्ली एयरपोर्ट से आगरा पहुंचीं। वहां उन्हें एक टैक्सी चालक मिला। जो पहले से ही बुक किया हुआ था। जानकारी के अनुसार, महिला पर्यटक की फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे लेट थी। इस वजह से टैक्सी चालक ने उन्हें देरी से आने पर 500 रुपये अतिरिक्त ले लिए। इसके बाद वह दोनों महिला पर्यटकों को ताजमहल दिखाने के लिए लेकर आया, लेकिन यहां भी उसने अपनी शातिर हरकत दिखाई और उन्हें पूर्वी गेट पर न लाकर दूसरे गेट पर ले आया। यहां भी उसने बहाना बनाया और उनसे अतिरिक्त पैसे मांगे। इस पर चालक ने महिला पर्यटकों से 50 यूरो ले लिए। जब उन्हें अपने साथ ठगी होने की जानकारी हुई तो ताज सुरक्षा पुलिस और आगरा पर्यटन पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक को पकड़ लिया और उससे महिला पर्यटकों के 50 यूरो वापस दिलाए। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। हालांकि, महिला पर्यटकों ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी थी। फिर भी उस पर कार्रवाई की गई है।
इस घटना के बाद पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की कार्यप्रणाली और पर्यटकों के साथ व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे हैं। इसके अलावा बीते वर्षों में भी आगरा में पर्यटकों से ओवरचार्जिंग, अनधिकृत गाइडों द्वारा गुमराह करने, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने और खरीदारी के लिए तय दुकानों पर ले जाकर कमीशनखोरी करने जैसी शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। कई मामलों में विदेशी पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार और ठगी की शिकायतों पर पर्यटन पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने कार्रवाई भी की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button