बिहार में अररिया के बॉर्डर एरिया से करोड़ों का ड्रग्स जब्त
Drugs worth crores seized from border area of Araria in Bihar

अररिया/बिहार। बिहार के बॉर्डर जिले अररिया में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई चल रही है। इस अभियान में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ पकड़े गए। 47 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 815 किलो गांजा, 783 ग्राम स्मैक और 132 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया गया। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। एसपी अमित रंजन ने बताया कि अक्टूबर महीने में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए सदर और फारबिसगंज अनुमंडल के लिए दो अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। एक हफ्ते के अंदर ही पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
अररिया पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 करोड़ का गांजा और 78 लाख का स्मैक पकड़ा है। 1 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चले इस अभियान में पुलिस ने 815 किलो गांजा, 132 लीटर नशीली दवा और 78 लाख का स्मैक बरामद किया। इस दौरान 47 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि पिछले एक महीने से मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है।
मंगलवार को सिकटी थाना क्षेत्र के खोरागाछ भपटिया में पुलिस ने छापेमारी कर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 184 ग्राम स्मैक, एक लाख 62 हजार रुपए और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़े गए स्मैक की कीमत करीब 19 लाख रुपए आंकी गई। एसपी अमित रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि खोरागाछ भपटिया काली चौक पर नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। इस सूचना पर सदर एसडीपीओ रामपुकार सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम में सिकटी थाना, बरदाहा थाना और डीआईयू के पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने छापेमारी कर जितेंद्र सिंह और पवन कुमार भारती को गिरफ्तार किया।




