हद है! कानपुर में नवजात बच्ची की जमीन की तरह करा ली रजिस्ट्री

कानपुर ,(उत्तर प्रदेश)। कानपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक निसंतान दंपती पर धोखाधड़ी कर जमीन की तरह नवजात बच्ची की रजिस्ट्री करा लेने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सरकारी मदद दिलाने के नाम पर बच्ची का गोदनामा करा लिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दंपती समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी और अपहरण की एफआईआर दर्ज की है। नवजात बच्ची पर दोनों ही पक्ष अपना-अपना हक जता रहे हैं। वहीं कानपुर पुलिस भी इस उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने में जुटी है। नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित पहलवानपुर में रहने वाले मुन्नालाल शुक्ला सिक्योरिटी गार्ड का काम करते हैं। परिवार में पत्नी सुनीता शुक्ला और तीन बच्चों वासु, कृष्णा, ईशू के साथ रहते हैं। मुन्नालाल की पत्नी सुनीता ने बीते 17 दिसंबर 2022 को नवजात बच्ची को जन्म दिया था। सुनीता राशन दुकानदार राजेंद्र प्रसाद त्रिवेदी के पास नवजात बच्ची विजेता का राशन कार्ड में नाम बढ़वाने के लिए गई थी, लेकिन राशन की दुकान का संचालन उनकी बेटी वर्षा त्रिवेदी करती है। इसी बीच सुनीता और वर्षा की दोस्ती हो गई, दोनों की आपस में बातचीत होने लगी।
धोखे से गोदनामा कराने का आरोप
सुनीता का आरोप है कि वर्षा ने राशन कार्ड में नाम बढ़वाने, आधार कार्ड बनवाने और मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद दिलाने का भरोसा दिया था। लेकिन वर्षा ने धोखे कचहरी चलने को कहा था। कचहरी में वर्षा ने बीते 30 जनवरी 2023 को धोखाधड़ी से बच्ची का गोदनामा करा लिया। इसके बाद 5 फरवरी को वर्षा घर आई और बच्ची को टीका लगवाने के बहाने ले कर चली गई। सुनीता और वर्षा के बीच बीते कई महीने से बच्ची को लेकर विवाद चल रहा था। सुनीता ने कोर्ट के माध्यम से वर्षा और उसके पति समेत पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है।
गोदनामा के कागजात की जांच
डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार का कहना है कि इस मामले की जांच एसीपी कर्नलगंज अकमल खान को सौंपी गई है। एसीपी अकमल खान का कहना है कि बच्ची को लेकर पैसे के लेनदेन की बात भी सामने आ रही है। वर्षा ने पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक्स साक्ष्य सौंपे हैं, जिसमें मुन्नालाल और वर्षा के भाई के बीच फोन पर बातचीत हो रही है। इस बातचीत में मुन्नालाल 50 हजार मिलने की बात को कुबूल की है, और 50 हजार रुपए की और मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही रजिस्ट्रार के सामने बच्ची को गोद देने की बात भी कही है। फिलहाल पुलिस फोरेंसिक जांच के साथ ही गोदनामा के कागजात की भी जांच करा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button