योगा टीचर के मुंह पर टेप लगाई, हाथ-पैर बांधे, फिर जमीन में जिंदा दफनाया

हरियाणा के रोहतक में दिल दहला देने वाला मामला

रोहतक/हरियाणा। रोहतक जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन महीने पहले लापता हुए योग शिक्षक का शव चरखी दादरी में एक गड्ढे से बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी की पत्नी के साथ संदिग्ध संबंध की वजह से योग शिक्षक को ‘जिंदा दफना दिया गया था’। पुलिस के मुताबिक, 45 वर्षीय जगदीप यहां एक संस्थान में काम कर रहा था और पिछले कुछ समय से किराए के मकान में रह रहा था। जगदीप तीन महीने पहले लापता हो गया था, जिसके बाद उसके परिवार ने शिवाजी कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के मुताबिक, सुराग के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित मामले की जांच के सिलसिले में मुख्य आरोपी राजकरण के दो साथियों को गिरफ्तार किया गया। राजकरण को अपनी पत्नी और जगदीप के बीच संबंध होने का संदेह था। पूछताछ के बाद पुलिस ने सोमवार को चरखी दादरी के एक गांव में सात फुट गहरे गड्ढे से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी राजकरण फरार है। उसे और मामले के एक अन्य आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। मुख्य आरोपी के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रोहतक के शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी (एसएचओ) निरीक्षक दिलबाग सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि राजकरण को शक था कि उसकी पत्नी का योग शिक्षक के साथ अवैध संबंध है। हालांकि, राजकरण के पकड़े जाने के बाद ही सही जानकारी सामने आएगी। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उन्होंने जगदीप का अपहरण कर उसके मुंह पर टेप लगाई, उसके हाथ-पैर बांधे और उसे चरखी दादरी ले गए, जहां सुनसान मैदान में गड्ढा खोदा गया था। संदिग्धों ने पुलिस को बताया कि जगदीप को गड्ढे में ‘जिंदा दफना दिया गया’।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button