सीलमपुर में ट्रैफिक पुलिस ने नुक्कड़ नाटकके जरिए आम लोगों को दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

सीलमपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। ईस्टर्न रेंज की डीसीपी श्वेता सिंह चौहान के निर्देशन और भजनपुरा सर्किल इंस्पेक्टर विकास चौधरी के नेतृत्व में सीलमपुर रेड लाइट और मेट्रो स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

पूर्वी दिल्ली। ईस्टर्न रेंज की डीसीपी श्वेता सिंह चौहान के निर्देशन और भजनपुरा सर्किल इंस्पेक्टर विकास चौधरी के नेतृत्व में सीलमपुर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीलमपुर रेड लाइट और सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर हुए कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरिए ऑटो रिक्शा, बैटरी रिक्शा चालकों और आम लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और सुरक्षित यातायात व्यवहार को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वाहन चालकों से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचने, लाल बत्ती का पालन करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने और सड़क पर दूसरे वाहन चालकों व पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की गई।
ऑटो और बैटरी रिक्शा चालकों को सवारी बैठाने-उतारने के दौरान सड़क सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने लोगों को समझाया कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क पर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हैं। पैदल यात्रियों से भी निर्धारित स्थानों से सड़क पार करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई।
जागरूकता अभियान में स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन और जिम्मेदार सड़क व्यवहार जरूरी है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button