बुराड़ी में स्पेशल सेल के हेड कॉन्टेबल और पत्नी को मारी गोली

नई दिल्ली।नॉर्थ दिल्ली के बुराड़ी इलाके में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हेड कॉन्स्टेबल और उनकी पत्नी को गोली मार दी गई। एक गोली पुलिसकर्मी के कंधे पर लगी है, जबकि एक गोली उनकी पत्नी को छूकर निकल गई। इसके बाद बदमाश उनसे मोबाइल और कैश लूटकर फरार हो गए। ख़बर लिखे जाने तक दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही थी। डीसीपी नॉर्थ सागर सिंह कलसी का कहना है कि आरोपी दोनों से एक मोबाइल और करीब चार हजार रुपये लूटकर ले गए हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास, लूट के लिए हमला करना समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वारदात बुराड़ी इलाके में बीती रात करीब नौ बजे के आस-पास हुई। दंपति मुखर्जी नगर के पास से टहलते हुए लौट रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर हमला किया। लूट का विरोध करने पर दोनों को गोली मार दी। इसके बाद उन्हें लूटकर फरार हो गए। पीड़ित हेड कॉन्स्टेबल लोधी कॉलोनी स्थित स्पेशल सेल में तैनात हैं। छह महीने पहले ही पुलिसकर्मी ने आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। रात को दोनों खाना खाने के बाद टहलने गए थे। उसी दौरान यह वारदात हुई है। हालांकि मामले में कुछ चौंकाने वाली बातें भी सामने आई हैं। जैसे दंपती उस जगह घायल मिला है, जहां काफी झाड़ियां थीं। अब सवाल यह उठ रहा है कि दंपती खुद वहां गए थे, या बदमाश उन्हें वहां ले गए थे। फिलहाल पुलिस अधिकारी भी इन तमाम सवालों पर चुप हैं। कोई भी अधिकारिक तौर पर खुलकर कुछ नहीं बोल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button