6 दिसंबर को हाई अलर्ट पर मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह की सुरक्षा चाक-चौबंद

मथुरा/उत्तर प्रदेश। आगामी 6 दिसंबर की ऐतिहासिक संवेदनशीलता को देखते हुए मथुरा जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर, शाही ईदगाह और आसपास के सभी संवेदनशील इलाकों का पैदल निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पूरे मथुरा जनपद को कई जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह सहित सभी संवेदनशील स्थलों पर रैफ, पीएसी , स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पड़ोसी जनपदों से अतिरिक्त बल बुलाया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का पूरा इस्तेमाल हो रहा है। एलआईयू को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के अलावा ड्रोन से लगातार निगरानी की जा रही है। सभी होटल, गेस्ट हाउस, ढाबे और धर्मशालाओं की सघन चेकिंग कराई जा रही है। मुख्य मार्गों पर चौबीसों घंटे गश्त जारी है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा, किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अगर कोई व्यक्ति ऐसा करने की कोशिश करेगा तो उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि जनपद में धारा बीएनएस 163 (निषेधाज्ञा) पहले से ही लागू है। इसके तहत बिना अनुमति पांच से अधिक लोग एक जगह जमा नहीं हो सकते। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। डीएम ने कहा, शांति और सौहार्द बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। कोई भी माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी।




