गंगा जल संधि पर भारत को बांग्लादेशी नेता की चेतावनी, भारतीय सामानों के बहिष्कार और नागरिकों को काम न देने का ऐलान

बांग्लादेश में नेशनल सिटीजन पार्टी ने गंगा जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है।

नसीरुद्दीन पटवारी ने भारतीय सामानों के विरोध की गीदड़भभकी दी है

ढाका,एजेंसी। बांग्लादेश की नेशनल सिटीजन पार्टी के मुख्य समन्वयक नसीरुद्दीन पटवारी ने गंगा जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए भारतीय सामानों के बहिष्कार और भारतीय नागरिकों को बांग्लादेश में काम नहीं करने देने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जब तक गंगा नदी के पानी के बंटवारे में बांग्लादेश को उसका उचित हिस्सा नहीं मिलता, तब तक भारतीय उत्पादों को देश में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और भारतीय नागरिकों को रोजगार की अनुमति भी नहीं मिलनी चाहिए। चटगांव के न्यू मार्केट इलाके में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बयान दिया।

नसीरुद्दीन पटवारी ने तारिक रहमान की सरकार पर भारत के प्रति दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर सरकार भारत विरोधी रुख प्रदर्शित करती है, वहीं दूसरी ओर देश के वस्त्र उद्योग में भारत को अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के आरोपियों को वापस लाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाने पर भी सरकार की आलोचना की। पटवारी ने कहा कि बांग्लादेश को ऐसी नरम विदेश नीति स्वीकार नहीं है।

गौरतलब है कि उस्मान हादी छात्र नेता और इंकलाब मंच के प्रवक्ता थे। दिसंबर 2025 में उन्हें गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें हवाई मार्ग से सिंगापुर ले जाया गया, जहां 18 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। वह शेख हसीना के खिलाफ हुए आंदोलन में सक्रिय प्रमुख छात्र नेताओं में शामिल थे।

चटगांव में सोमवार को आयोजित रैली में शेख हसीना को सुनाई गई मौत की सजा पर अमल करने और अवामी लीग के खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग भी उठाई गई। नसीरुद्दीन पटवारी ने कहा कि सरकार ने बातचीत के रास्ते खोल दिए हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि मानवता के खिलाफ अपराधों के दोषियों को बिना सजा के छोड़ दिया जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में छात्र और आम लोग इस मुद्दे पर सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं और वे सजा के फैसले को लागू कराने के लिए दबाव बनाएंगे। पटवारी ने बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी पर भी आरोप लगाया कि उसने धन लेकर ऐसे लोगों को दोबारा राजनीतिक रूप से स्थापित किया है, जिन पर हत्याओं में शामिल होने के आरोप हैं।

बांग्लादेशी नेता के इस बयान से भारत-बांग्लादेश संबंधों, गंगा जल बंटवारे और दोनों देशों के बीच व्यापार एवं रोजगार संबंधों को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button